कोटा. संभाग में दो दिन में स्वाइन फ्लू के एक साथ 86 रोगी सामने आए हैं। इसके अलावा इटावा की एक महिला की मौत हो गई। जांच के लिए उसका स्वाब लिया गया है। मेडिकल कॉलेज प्रिंसिपल डॉ. गिरीश वर्मा ने बताया कि 189 नमूने दो दिन पहले दिल्ली निजी लैब में भेजे गए थे। इसमें से 39 रोगी पॉजिटिव मिले हैं।
कोटा की लैब में हुई जांच में 8 रोगी पॉजिटिव मिले हैं। इसके अलावा 112 नमूने शनिवार को लिए गए हैं। शुक्रवार को भेजे गए 91 नमूनों की जांच रिपोर्ट भी गई है, जिसमें 32 रोगी सामने आए हैं। शनिवार को इटावा की रीना पत्नी भरत कुमार को गंभीर हालत में स्वाइन फ्लू वार्ड में भर्ती किया गया था। उसकी कुछ ही देर में मौत हो गई। उधर, प्रशासन के पास टेमीफ्लू टैबलेट और नमूने लेने वाले किट भी गए हैं। हालांकि अभी जांच के लिए नमूने निजी लैब ही भेजे रहे हैं। सीएमएचओ डॉ. आरएन यादव ने बताया कि निजी लैब में जांच करवाने वाले 7 नए रोगी सामने आए हैं। संभाग में अब तक कुल रोगी 126 हो चुके हैं।
इंडियन सोशल क्लब ने बांटे 500 मास्क
इंडियन सोशल क्लब के अध्यक्ष गुड्डू मरचुनिया ने बताया कि न्यू मेडिकल कॉलेज के अस्पताल में स्वाइन फ्लू से बचाने के लिए 500 मास्क बांटे गए। इस दौरान सदस्य मानवेंद्र चौहान, सुनील सैनी, ईश्वर सिंह, राधेश्याम और राहुल शामिल थे।