कोटा. शहर की पॉश कॉलोनी में महापौर के घर के सामने से ही दो बाइक सवार लुटेरे शनिवार को एक रिटायर्ड टीचर की गले की चेन तोड़कर ले गए। लुटेरों के हाथ चेन का एक टुकड़ा लगा है, दूसरा टुकड़ा महिला के पास रह गया।
तलवंडी सेक्टर 4 निवासी रिटायर्ड टीचर मीना बाफना (65) शनिवार को सत्संग में भाग लेने गुलाबबाड़ी, रामपुरा गई थी। वहां से दोपहर में ऑटो से घर जा रही थी। वो घर से कुछ दूरी पर ऑटो से उतरकर पैदल घर के पास पहुंची ही थीं कि सामने से दो बाइक सवार लुटेरे आए और चेन तोड़ने के लिए महिला की गले पर झपट्टा मार दिया।
लुटेरों के इस अचानक हुए हमले से महिला हड़बड़ा कर नीचे गिर गई और बदमाश उनके गले की चेन तोड़कर ले भागे। दोनों बदमाश 25 से 30 साल की उम्र के बताए जा रहे हैं। इधर, जवाहर नगर पुलिस ने लुटेरों की तलाश शुरू कर दी है।