- Hindi News
- तहसीलदार दे रहे रिपोर्ट, पुलिस दर्ज करने से कर रही इंकार
तहसीलदार दे रहे रिपोर्ट, पुलिस दर्ज करने से कर रही इंकार
कोटा. सेनाभर्ती में फर्जी प्रमाणपत्र मामले में रिपोर्ट दर्ज करने को लेकर लाडपुरा तहसीलदार नयापुरा सीआई में विवाद हो गया है। तहसीलदार जांच करने के बाद 45 युवकों के खिलाफ यहां रिपोर्ट दर्ज करवाना चाहते हैं लेकिन, सीआई रामखिलाड़ी मीणा यह कहकर कि इस मामले में पूर्व में ही बूंदी में रिपोर्ट दर्ज है, इसलिए वे दुबारा रिपोर्ट नहीं लिख सकते।
तहसीलदार ने दो बार इसकी रिपोर्ट थाने में भेज दी है दोनों बार ही उसे दर्ज करने से इंकार कर दिया गया है। बूंदी में सेना में भर्ती के दौरान जांच में 42 युवकों के प्रमाणपत्र फर्जी पाए गए थे, यह सभी प्रमाणपत्र कोटा में लाडपुरा तहसील से बनाए गए थे। यहां तहसीलदार गजेंद्र सिंह ने जब इनकी जांच में पाया कि उन्होंने तहसील की मोहर का उपयोग किया था। जांच करने के बाद तहसीलदार ने रिपोर्ट तैयार करके दर्ज करने के लिए नयापुरा थाने में भिजवाई। पहली बार पुलिस ने यह कहते हुए वापस लौटा दिया कि जिन युवकों फर्जी प्रमाणपत्र बनवाए हैं वे उनके थाना क्षेत्र के रहने वाले नहीं है। इसे फिर से थाने में भेजा गया इस पर भी अभी पुलिस ने कार्रवाई नहीं की। सीआई रामखिलाड़ी मीणा ने बताया कि तहसीलदार अपने को बचाने के लिए यह काम कर रहे हैं। जब बूंदी में प्रकरण दर्ज तो रिपोर्ट वहां भेजे, हमें क्यों बार-बार भेजा जा रहा है।
अब बरती जा रही सख्ती
फर्जी तरीके से प्रमाणपत्र बनाए जाने का मामला उजागर होने के बाद अब इसमें सख्ती बरती जा रही है। इसमें आवेदक को खुद प्रमाणपत्र जमा करवाना होगा, एक से अधिक फार्म जमा नहीं किया जाएगा। आवेदन के साथ लगाए जा रहे रिकार्ड को असली रिकार्ड से मिलान किया जाएगा। दो उत्तरदायी व्यक्तियों की फोटो आईडी देखी जाएगी, उनके मोबाइल नंबर भी दर्ज होंगे। इनसे रेण्डम तरीके से बात की जाएगी। यह प्रक्रिया शुरू कर दी गई है।