- Hindi News
- क्वालीफाई के बाद आज से होंगे मुख्य मुकाबले
क्वालीफाई के बाद आज से होंगे मुख्य मुकाबले
कोटा| राउमाविगुमानपुरा की मेजबानी में शुक्रवार से शुरू हुई 59वीं राज्य स्तरीय स्कूली तैराकी प्रतियोगिता के पहले दिन क्वालीफाइंग मुकाबले हुए। शनिवार से विभिन्न इवेंट में मुख्य मुकाबले होंगे। प्रतियोगिता नयापुरा स्थित तरणताल पर आयोजित की जा रही है। शनिवार से फ्री स्टाइल में सात, मेडले रिले में एक, व्यक्तिगत प्रतिस्पर्धा में दो, बैक स्ट्रोक में तीन, ब्रेस्ट स्ट्रोक में तीन और बटर फ्लाई में तीन इवेंट प्रस्तावित हैं। छात्र छात्रा वर्ग में 17 और 19 आयु वर्ग में प्रतियोगिता आयोजित की जा रही है। इससे पहले प्रतियोगिता की शुरुआत विधायक चंद्रकांता मेघवाल ने की। अध्यक्षता निगम पार्षद जसपाल अरोड़ा ने की। विशिष्ट अतिथि के रूप में रेजोनेंस के महाप्रबंधक मनोज शर्मा, जिला शिक्षा अधिकारी माध्यमिक गंगाधर मीणा मौजूद थे। प्रतियोगिता में 178 छात्र और 44 छात्राएं हिस्सा ले रही हैं। मुख्य अतिथि ने ध्वजारोहण कर खिलाड़ियों को शपथ दिलाई। सभी दलों ने आरएसी के बैंड की धुन पर मार्च पास्ट किया। इस अवसर पर सांस्कृतिक प्रस्तुतियां भी पेश की गईं। अतिथियों ने स्मारिका का विमोचन किया। मुकाबले सुबह नौ से दोपहर तीन बजे तक होंगे। टीम प्रबंधकों और खिलाड़ियों को तरणताल पर आने का सही समय नहीं बताने से परेशानी आई। प्रतियोगिता का समय मात्र सुबह नौ से दोपहर तीन बजे तक रखा गया है। कई खिलाड़ी प्रैक्टिस के लिए दोपहर तीन बजे बाद पहुंचे। ऐसे में प्रैक्टिस नहीं करने से उनको निराशा हुई।
नयापुरा तरणताल में तैराकी प्रतियोगिता में शामिल छात्र छात्राएं।