गए थे अतिक्रमण हटाने सफाई करके लौट आए
यूआईटी का जाब्ता शनिवार को विज्ञाननगर में अतिक्रमण हटाने पहुंचा। वहां एक मकान नाले में पिलर खड़ा करके बनाया गया था। लेकिन, जाब्ता तोड़फोड़ की बजाय केवल नाले की सफाई करके वापस गया।
दरअसल, यूआईटी को सूचना मिली थी कि विज्ञाननगर पुराने थाने के पास किसी ने नाले में पिलर खड़े कर लिए हैं और उसी पर मकान बना लिया है। सूचना पर जेसीबी और होमगार्ड के जवानों समेत यूआईटी के अफसर मौके पर पहुंच गए। होमगार्ड के जवान हाथों में लाठियां, बचाव के लिए ढाल, जैकेट और हेलमेट से लैस होकर किसी भी विरोध से बचने के लिए खड़े हो गए। कुछ देर तक वे इंतजार करते रहे। अधिकारी भी वहां जमे रहे, फिर अचानक जेसीबी मशीन उस नाले की सफाई करने में जुट गई। वहां पड़े पत्थरों और मलबे को हटाया और लौट आए। जो पिलर नाले में थे, उसकी ओर देखा तक नहीं। सूत्रों का कहना है कि पुलिस प्रोटेक्शन नहीं होने के कारण यूआईटी के अधिकारी पहले दिन केवल मौका और माहौल देखने के लिहाज से गए थे। रविवार या फिर सोमवार को वहां कार्रवाई की जा सकती है।
विज्ञाननगर पुराने थाने के पास नाले का अतिक्रमण हटाने की जगह सफाई करता दस्ता।