- Hindi News
- शिकायत पर नहीं हुई कार्रवाई तो युवती ने लात मारकर तोड़ दिया थाने का गेट
शिकायत पर नहीं हुई कार्रवाई तो युवती ने लात मारकर तोड़ दिया थाने का गेट
पड़ोसियों द्वारा अभद्रता की शिकायत लेकर कुन्हाड़ी थाने में पहुंची युवती की शनिवार को एसएचओ से कहासुनी हो गई। युवती ने एसएचओ कक्ष के गेट के कांच को लात मारकर तोड़ दिया। युवती का आरोप है कि पुलिस उसकी शिकायत पर कार्रवाई नहीं कर रही थी और एसएचओ ने उसके साथ अभद्रता की। पुलिस ने युवती को सरकारी संपत्ति को नुकसान और राजकार्य में बाधा पहुंचाने के आरोप में गिरफ्तार कर लिया। बाद में मजिस्ट्रेट के समक्ष पेश किया गया, जहां उसे जमानत मिल गई।
कुन्हाड़ी निवासी 28 वर्षीय निधि सुवालका पुत्री सोहनलाल से पड़ोसी नेवालाल, श्याम गुर्जर अन्य ने अभद्रता की थी। इसकी रिपोर्ट वह दोपहर 12:30 बजे कुन्हाड़ी थाने में आकर दे गई थी। तीन घंटे में भी कार्रवाई नहीं हुई तो वह थाने पहुंची। कुछ देर बाद एसएचओ राजेश सोनी भी गए। वे उनके साथ कक्ष में चली गई। उनकी कुछ देर अंदर बात हुई। एसएचओ सोनी का कहना है कि निधि अपशब्द कहती हुई बाहर आई और गेट पर जोरदार लात मारी। इससे कांच टूट गया। वहां मौजूद महिला कांस्टेबल ने उसे बमुश्किल पकड़ा। कांच तोड़ने के आरोप में निधि के खिलाफ मामला दर्ज करवाया गया। डीएसपी हिम्मत सिंह ने बताया कि निधि को गिरफ्तार करके भीमगंजमंडी सीआई हरीश भारती को जांच दे दी है।
कुंहाडी थाने मेें सीआई के कमरे का टूटा हुआ गेट।