कोटा। स्थानीय लोगों के विरोध के बावजूद यूआईटी ने महावीरनगर प्रथम में विवेकानंद स्कूल के पास पार्क में डेकोरेटिव लाइटें लगा दी। इसी प्रकार यहां पर पानी एकत्रित करने के लिए दो हौद बना दी गई, जिनके खुले होने से लोग परेशान हैं।
स्थानीय लोगों ने बताया कि यहां पार्क में पहले से ही बिजली के पोल लगे हुए हैं, जिन पर लाइटें लगी हुई है। इनको दरकिनार करते हुए यूआईटी ने यहां पर डेकोरेटिव लाइटें लगा दी। थोड़े दिन तो यह ठीक से चली, बाद में अाधी लाइटें टूट गई व पोल पर लगे एमसीबी बॉक्स टूट गए, जिनमें बिजली के तार खुले पड़े हैं। इनकी स्थिति देखते हुए यूआईटी के एईएन को स्थानीय लोगों ने समीप के भगतसिंह पार्क में लाइटें नहीं लगाने दी। उन्होंने कहा कि जब पहले वाले पार्क की लाइटों की दशा ही ऐसी है तो इसकी क्या स्थिति होगी। इस बारे में एईएन हेमंत चतुर्वेदी ने बताया कि यह लाइटें जनप्रतिनिधि के कहने पर लगाई है। जहां तक इनके एमसीबी बॉक्स के खुले होने व लाइटें बंद होने की बात है, उन्हें ठीक करवा दिया जाएगा। समीप के पार्क में लाइटें नहीं लगाने के बारे में उन्होंने कहा कि कुछ लोग तो यहां लाइटें लगवाना चाहते हैं। कुछ इसका विरोध कर रहे हैं। इस कारण काम बीच में छोड़ दिया गया है।
इसी प्रकार पानी की खोदी गई हौद के बारे में जेईएन राहुल ने कहा कि यहां पानी की समस्या को हल करने के लिए इन्हें खोदा गया था। इनमें पंप लगाकर पौधों में पानी दिया जाता है। इनके खुला होने की समस्या है। इसकी शिकायत उनके पास भी आई है। इन्हें पत्थर से ढंकने की कार्रवाई की जा रही है ताकि कोई हादसा नहीं हो।