- Hindi News
- डांडियों की खनक के साथ देर रात तक छाई रही मस्ती
डांडियों की खनक के साथ देर रात तक छाई रही मस्ती
कोटा. हाथों में रंगीन डांडिया, आकर्षक परिधान पहने युवक-युवतियों के थिरकते कदम और माता के भजनों के बीच हाथों में डांडिया लेकर खेलते भक्त। मौका था शनिवार को शहर के कई इलाकों में अलग-अलग संस्थाओं की ओर से आयोजित डांडिया गरबा उत्सव का।
सिंधु सोशल सर्किल द्वारा “डांडिया धूम-2014’ के तहत नाग-नागिन मंदिर के पास स्थित महर्षि दधीचि छात्रावास में डांडिया हुआ। शाम से शुरू हुई डांडियों की खनक देर रात तक गूंजती रही। पधारो म्हारे देश... पंखिड़ा पंखिड़ा.. सरीखे गीतों पर डांडिया प्रेमियों का उत्साह देखते ही बना। यहां रविवार रात 8 से 11 बजे तक डांडिया चलेगा।
शीतला माता नवयुवक मंडल, गणेश मित्र मंडल और शांति नवयुवक मंडल की ओर से रंगपुर रोड, प्रताप कॉलोनी में डांडिया हुआ। यहां 3 अक्टूबर तक आयोजन होंगे। इधर, माहेश्वरी नवोदिता मंडल, कोटा की ओर से बसंत विहार के माहेश्वरी भवन में नवोत्सव डांडिया-2014 के तहत शनिवार को थीम-बंगाली के तहत वरिष्ठ जनों का डांडिया हुआ।
सिंधु सोशल सर्किल की अोर से आयोजित डांडिया धूम-2014 में माता के भजनों पर गरबा खेलते प्रतिभागी।