बच्चों ने दिया बेटी बचाओ का संदेश
मुनि पुंगव सुधा सागर महाराज के सानिध्य में चातुर्मास महोत्सव की शृंखला में शनिवार से दादाबाड़ी नसियां में दो दिवसीय आध्यात्मिक पाठशाला अधिवेशन शुरू हुआ। छोटे-छोटे बच्चों ने देर रात तक मंच पर सामाजिक प्रेरणादायक नाटक, काव्य पाठ, सांस्कृतिक कार्यक्रमों की प्रस्तुतियां दीं। बच्चों ने बेटी बचाओ नाटक का मार्मिक मंचन किया। बच्चों द्वारा मंचित नाटक के दौरान पिता द्वारा गर्भ में पल रही बेटी की हत्या के फैसले पर मां की आंखों से आंसू छलकने, पति के सामने गिड़गिड़ाने के दृश्यों ने सभी को द्रवित कर दिया।
रविवार सुबह 7 बजे नसियांजी मंदिर से शोभायात्रा निकाली जाएगी। शोभायात्रा मंदिर परिसर से रवाना होगी जो दादाबाड़ी थाने के सामने, छोटा चौराहा, बसंत विहार होते हुए आयोजन स्थल आरएसी मैदान पहुंचेगी। यहां प्रवचन अन्य कार्यक्रम होंगे। यहां धर्मसभा को संबोधित करते हुए मुनि सुधा सागरजी महाराज ने कहा कि मनुष्य को अपने भीतर छिपी ताकत को पहचानना होगा, तभी जीवन सार्थक है।
जन्मदिन पर मोमबत्ती बुझाना बंद करें- महामंत्र सागर : महावीरनगर प्रथम में पार्श्व नाथ दिगंबर जैन मंदिर में प्रवचन में मुनि महामंत्र सागर जी ने कहा कि जन्म दिन पर मोमबत्ती बुझाना और केक काटना गलत परंपरा है। उन्होंने संस्कारों पर जोर देते हुए कहा कि जिसने शास्त्र पकड़ लिया उसे शस्त्र पकड़ने की जरूरत नहीं पड़ेगी।