कोटा. श्रीमहावीरजी और हिंडौन सिटी रेलवे स्टेशनों के पास कटारा अजीज में रविवार को होने वाली गुर्जरों की महापंचायत को देखते हुए रेल प्रशासन अलर्ट हो गया है। आरपीएफ जीआरपी के जवानों को क्षेत्र के आसपास के स्टेशनों पर भेजा जा रहा है।
रेलवे पुलिस सिविल पुलिस के अधिकारी कर्मचारी शनिवार दोपहर बाद ही मौके पर पहुंच गए। कुछ जवानों को हिंडौनसिटी, श्रीमहावीरजी, गंगापुरसिटी, सवाईमाधोपुर के आसपास के स्टेशनों पर लगाया जाएगा।
आरपीएफ अधिकारियों ने बताया कि भोपाल से 11, कोटा से 60 आरपीएफ जवान हिंडौनसिटी भेजा जा रहा है। इसी प्रकार आरपीएसएफ की कंपनी भी मांगी गई है। साथ ही जीआरपी कोटा से 20 जीआरपी जवानों को गंगापुरसिटी लगाया जा रहा है। ये सभी जवान शनिवार रात को रवाना होंगे।
इन जवानों में से कुछ को स्टेशनों पर तथा कुछ को क्रॉसिंग गेट पर लगाया जाएगा। आरपीएफ कमाण्डेंट मनोज कुमार सिंह ने करौली कलेक्टर एसपी से गुर्जर महापंचायत को लेकर रेलवे परिक्षेत्र में कानून व्यवस्था बनाने के बारे में चर्चा की गई। सिंह ने बताया कि दोनों पुलिस समन्वय के साथ काम करेंगी।