कोटा. नांता में बिना नंबर की बाइक पर आए दो ठगों ने एक महिला को जेवरात चमकाने के नाम पर ठग लिया। ठग उसके टॉप्स और मंगलसूत्र ले गए। ठगों ने पहले महिला के घर के बर्तन और बहू की पायजेब चमकाकर झांसे में लिया। नांता निवासी पार्वती बाई पत्नी प्रभुलाल ने बताया कि सुबह 11 बजे दो युवक आए। उन्होंने कहा कि वे बर्तन चमकाने का केमिकल बेचते हैं। वे केवल सैंपल दिखाने आए हैं और खरीदना हो तो बाजार में मिलेगा। उन्होंने घर के बर्तन साफ करने की बात कही। उन्होंने एल्युमिनियम का बर्तन लेकर उसे साफ कर दिया।
उन्होंने केमिकल को एक बर्तन में घोला था। उसके बाद उसमें हल्दी भी डाल दी। फिर उनकी बहू की पायजेब ली और उसे भी साफ कर दिया। बहू की पायजेब एकदम चमकने लगी। उनका कहना था कि वे सोने के भी जेवरात चमका देते हैं। बातों में उलझाकर उन्होंने पार्वती बाई का मंगलसूत्र और टॉप्स उतरवाए और केमिकल वाले बर्तन में डाल दिए। उस समय वहां पार्वती के अलावा तीन-चार महिलाएं आैर भी थीं। ठगों ने जेवरात को केमिकल मिले पानी में डाला और उसे गैस पर गर्म करने के लिए कहा। एक ठग पार्वती के साथ गैस तक गया और उसे चालू करवाया।
उसके बाद वे कह गए कि 20 मिनट तक गर्म होने के बाद नीचे उतार लेना। जेवरात एकदम नए जैसे हो जाएंगे। वे निकले तो अन्य महिलाओं का माथा ठनका। उन्होंने जेवरात देखने की बात कही। पार्वती बाई ने चाकू से जब केमिकल में जेवरात देखे तो नहीं मिले। उन्होंने बर्तन का पानी निकला तो अंदर जेवर नहीं थे। उन्होंने भागकर युवकों को देखा, लेकिन तब तक वे जा चुके थे। उसके बाद वे कुन्हाड़ी थाने पहुंचे और पुलिस को वारदात के बारे में बताया। पुलिस ने महिला के साथ पूरे इलाके में आरोपियों की तलाश की। एसएचओ राजेश
सोनी ने बताया कि फिलहाल मामला दर्ज नहीं हुआ है।
पीड़िता पार्वती