कोटा। सफाई को लेकर महापौर और उपमहापौर सोमवार को शहर में निकले। उन्होंने कहा कि अभी तो वे समझाइश कर रहे हैं, लेकिन बाद में कार्रवाई होगी। महापौर ने कहा कि चाय व पाेहे से हमारी दुश्मनी नहीं है, लेकिन शहर को साफ सुथरा रखना सभी की जिम्मेदारी है। उन्होंने डीसीएम रोड पर सड़क को घेरकर खड़े वाहनों को हटाने और वहां सर्विस लेन के साथ हरितिमा पट्टी विकसित करने के भी आदेश दिए। इस दौरान महापौर जहां दुकानदारों को सड़क व नाली में कचरा नहीं डालने के लिए समझा रहे थे, वहीं उपमहापौर उन्हें चेतावनी भी दे रही थीं। मुख्यमंत्री के आह्वान पर चलाए जा रहे स्वच्छ राजस्थान सप्ताह के तहत सोमवार को शहर में सफाई अभियान का शुभारंभ महावीर नगर तृतीय चौराहे से किया गया। सबसे पहले चौराहे पर जमा गंदगी को साफ किया गया। वहां अभियान को हरी झंडी दिखाने के बाद महापौर महेश विजय और उपमहापौर सुनीता व्यास ने महावीर नगर डिस्पेंसरी रोड पर अपनी निगरानी में सफाई करवाई। वे केशवपुरा चौराहे से तीन बत्ती सर्किल रोड पर गए तो लोगों की शिकायत पर उन्होंने स्वास्थ्य अधिकारी डा. जेपी गुप्ता को समस्याओं का तत्काल निराकरण करने के निर्देश दिए। नागरिकों को तत्काल राहत देने के लिए नाले के कुछ हिस्से की सफाई भी करवाई गई। इसके अलावा सफाई कार्य में अड़चन बन रही एक डेयरी को भी वहां से शिफ्ट करने के निर्देश दिए। साथ ही वहां व्यवस्थित कचरा प्वाॅइंट बनाने को भी कहा। इसके अतिरिक्त नाले की पुलिया पर सब्जी बेच रहे एक व्यक्ति को भी यातायात की समस्या देखते हुए हटने को कहा। इसके बाद महापौर व उपमहापौर न्यू बस स्टैंड के पास रामचंद्रपुरा क्षेत्र में पहुंचे। वहां स्वास्थ्य अधिकारी को तैयार पड़े एक सुलभ शौचालय को तत्काल चालू करने को कहा। उपमहापौर सुनीता व्यास ने यहां सुलभ शौचालय के आसपास इंटरलॉकिंग कार्य करवाने के भी निर्देश दिए, ताकि बरसात में कीचड़ न हो।
निरीक्षण के दौरान यह भी किया
- पार्षद जगदीश सिंह की शिकायत पर डीसीएम क्षेत्र में पार्क के अवरोध को ठीक करने के आदेश एक्सईएन को दिए।
- निजी बस स्टैंड तैयार करते समय ठेकेदार द्वारा नाले में डाले गए मलबे को निकाला गया।
- नई धानमंडी गेट से डीसीएम रोड पर बने वेयर हाउस तक मुख्य मार्ग व सर्विस रोड पर चोक पड़े नाले को साफ करवाया।
- होटल संचालकों से अपशिष्ट और तंदूर में बचने वाली राख को नाले में नहीं डालने को कहा।
- कुन्हाड़ी क्षेत्र में सुलभ शौचालय की मरम्मत करवाने के आदेश एक्सईएन प्रेमशंकर शर्मा को दिए।
- यहां के मुक्तिधाम को बेहतर बनाने के लिए प्रोजेक्ट तैयार करने को कहा।
- डीसीएम रोड पर सर्विस लेन पर पर बनी अधूरी सड़क को पूरा करने के आदेश दिए।
भाभी सा! सट्टा बंद करवा दो
रामचंद्रपुरा में निरीक्षण के दौरान महिलाओं ने उपमहापौर सुनीता व्यास को घेर लिया और मोहल्ले में चल रही अवैध गतिविधियों की शिकायत की। महिलाओं ने कहा कि असामाजिक तत्व यहां अवैध रूप से मांस का व्यापार कर रहे हैं। इसकी आड़ में सट्टे व स्मैक का कारोबार भी हो रहा है। असामाजिक लोगों की आवाजाही से महिलाओं के लिए आना-जाना भी मुश्किल हो गया है। उपमहापौर ने महिलाओं को आश्वस्त किया कि वे तत्काल इस बारे में गुमानपुरा थानाधिकारी को कार्रवाई के लिए कहेंगी।
बेकार पड़े कबाड़ वाहन हटेंगे
डीसीएम रोड पर सड़क किनारे पड़े कबाड़ वाहनों पर लोगों ने नाराजगी जताई। इस पर महापौर ने स्वास्थ्य अधिकारी को निर्देश दिए कि यातायात पुलिस उपअधीक्षक को इनको यहां से हटाने के लिए पत्र लिखें।