- Hindi News
- मिट्टी पर डाल रहे थे गिट्टी सीमेंट, पार्षद ने रोका
मिट्टी पर डाल रहे थे गिट्टी सीमेंट, पार्षद ने रोका
कोटा| वार्ड20 में हो रहे सीसी के काम को पार्षद यूसुफ कड़क ने रुकवा दिया। उन्होंने कहा कि ठेकेदार सीधे मिट्टी में ही गिट्टी सीमेंट डाल रहा था। जबकि यह नियम विरुद्ध है। उन्होंने इसकी शिकायत एसई भूपेन्द्र माथुर से भी की है, लेकिन कोई कार्रवाई नहीं हुई।
उन्होंने बताया कि वार्ड में निगम कॉॅलोनी के सामने सड़क पर सीसी की जा रही है। यह काम कब स्वीकृत हुआ, अभी क्यों हो रहा है, पता नहीं है। वे स्वयं भी ठेकेदार रहे हैं, इसलिए सीसी सड़क बनाने में की जा रही लीपापोती को उन्होंने रोक दिया। मौके पर ही एईएन जेईएन को बुलवाया तो वे भी इसकी जानकारी नहीं दे पाए कि काम कौन करवा रहा है। ठेकेदार कौन है। उन्होंने सीधा आरोप लगाया कि निगम में महापौर महेश विजय के कार्यभार संभालने के दौरान ही एसई भूपेन्द्र माथुर ने सभी एईएन, जेईएन के स्थानांतरण कर दिए। अब जिस वार्ड में कांग्रेस बोर्ड के समय काम शुरू हुए थे, उनकी लीपापोती की जा रही है। पुराने एईएन जेईएन इन वार्ड में रहे नहीं, इसलिए ठेकेदार भी पूरा फायदा उठा रहे हैं। उनके वार्ड में यह काम कौन करवा रहा है, निगम का कोई अधिकारी बताने में सक्षम नहीं है। उन्होंने एसई को इसकी जानकारी दे दी है। कह दिया है काम अच्छी क्वालिटी में होगा तभी चालू किया जाएगा। इस बारे में एसई भूपेन्द्र माथुर ने कहा कि वे कोटा से बाहर थे, इसलिए एक्सईएन प्रशांत भारद्वाज को मौका जाकर देखने के लिए कहा है। वे ही इस बारे में बताएंगे। उधर, भारद्वाज ने कहा कि वे दूसरे काम में व्यस्त होने के कारण मौका नहीं देख पाए। अब मंगलवार को मौका देखकर बताएंगे कि कौन सा ठेकेदार काम कर रहा है।
सीसी रोड के घटिया निर्माण के कारण सीमेंट और गिट्टी बिखर गई है।