- Hindi News
- कंटेनर नहीं भेजे, अटका कोटा स्टोन का निर्यात
कंटेनर नहीं भेजे, अटका कोटा स्टोन का निर्यात
15 से ज्यादा निर्यातकों का अटका है माल
रावंठारोड स्थित आईसीडी (अंतरराष्ट्रीय कंटेनर डिपो) पर कंटेनर नहीं भेजने से पिछले 15 दिन में करीब 25 करोड़ का स्टोन का निर्यात अटका हुआ है। इससे निर्यातकों के ऑर्डर कैंसिल होने की नौबत गई है। फिलहाल कंटेनर डिपो पर निर्यातकों के करीब 400 कंटेनर रुके हुए हैं।
निर्यातकों का कहना है कि 24 दिसंबर के बाद से ही कंटेनर नहीं जा रहे। इंपोर्टर को ऑर्डर के 35 से 40 दिन के अंदर डिलिवरी देनी होती है। 15 दिन में कंटेनर डिपो पर 400 से अधिक कंटेनर अटके हुए हैं। यदि समय पर उनका माल डिलीवर नहीं हुआ तो उसे कौन खरीदेगा। क्योंकि उन्होंने सब विदेशों के ऑर्डर के हिसाब से माल तैयार किया है। कंटेनर डिपो के अधिकारी यह नहीं बता रहे कि उनका माल कब तक भेज देंगे। निर्यातक बीएल गुप्ता ने बताया कि कंटेनर डिपो ने 5000 रुपए प्रति कंटेनर भाड़ा भी बढ़ा दिया, फिर भी समय पर माल नहीं भेजकर उन्हें परेशान किया जा रहा है। उन्होंने बताया कि पहले 29 हजार रुपए कंटेनर का किराया था, अब 34 हजार रुपए किराया लिया जा रहा है।