- Hindi News
- पुणे निजामुद्दीन प्रीमियम ट्रेन वर्किंग का विवाद, दिल्ली के गार्ड को उतारकर कोटा का गार्ड भेजा
पुणे-निजामुद्दीन प्रीमियम ट्रेन वर्किंग का विवाद, दिल्ली के गार्ड को उतारकर कोटा का गार्ड भेजा
कोटा| नईट्रेन के संचालन के साथ ही उसकी वर्किंग को लेकर भी अब विवाद सामने आने लगे हैं। हाल ही में चलाई गई पुणे-निजामुद्दीन प्रीमियम ट्रेन की वर्किंग को लेकर कोटा दिल्ली के रनिंग स्टाफ के बीच विवाद शुरू हो गया है। कोटा के रेलवे गार्ड इस ट्रेन की वर्किंग चाहते हैं जबकि दिल्ली के गार्ड इस ट्रेन को लेने के लिए कोटा पहुंच गए। इसके कारण गुरुवार को विवाद कुछ ज्यादा ही गहरा गया।
गाड़ी संख्या 04407 पुणे-निजामुद्दीन प्रीमियम ट्रेन को कोटा पहुंचने का निर्धारित समय रात 10:10 बजे का है। गुरुवार रात ट्रेन लगभग 10 बजे कोटा पहुंची। इस ट्रेन को दिल्ली से लेने के लिए वहां के गार्ड कोटा पहुंच चुके थे। लेकिन, कोटा के रेलवे गार्ड भी इस ट्रेन को लेकर जाने की तैयारी में थे। जब दिल्ली का गार्ड ट्रेन में गार्ड के डिब्बे में सवार हुआ तो मौजूद कोटा के गार्डों ने विरोध किया। बाद में दिल्ली के गार्ड को उतारकर कोटा के गार्ड के साथ ट्रेन को रवाना किया गया। रेलवे अधिकारियों से जब इस बारे में चर्चा की गई तो उनका कहना था कि वर्किंग विवाद दिल्ली पश्चिम मध्य रेलवे के सीपीटीएम को बैठकर ही हल करना होगा।