निगम अब लॉटरी से देगा सेक्टर 15 के सफाई के ठेके
कोटा| नगरनिगम में 15 सेक्टर सड़क की सफाई के लिए लगभग 15 करोड़ रुपए के टेंडर की वित्तीय बिड खुलने के बाद अब इनका फैसला लॉटरी के माध्यम से होगा। इसमें लगभग 159 निविदाएं भरी गई थीं। 3 निविदाओं को निरस्त कर दिया गया है। निगम प्रशासन के अनुसार इसी माह में इन्हें फाइनल करके मार्च से लागू कर दिया जाएगा। 2 साल से पुराने ठेके पर ही कार्य हो रहा है।
निगम में सफाई के ठेके 15 सेक्टरों सड़कों की सफाई के लिए जारी किए गए थे। इन्हें वैसे तो दिसंबर में ही फाइनल किया जाना था, लेकिन विवाद के चलते इसमें देरी हुई। सहमति बनने के बाद पहले टेक्निकल बाद में वित्तीय बिड खोली गई। इसमें 17 ठेकेदारों ने भाग लिया है। अब इनकी दरों का वर्गीकरण किया जाएगा। जिसकी दरें समान होंगी, उनका फैसला लॉटरी के माध्यम से किया जाएगा। इसमें न्यूनतम मजदूरी 189 के अलावा ईएसआई पीएफ भी जमा करवानी होगी। उपायुक्त अशोक त्यागी के अनुसार वित्तीय बिड खुलने के बाद अब इसका फाइनल किया जाना है। नए ठेकों को शीघ्र ही लागू किया जाएगा ताकि सफाई श्रमिकों को इसका लाभ मिल सके।