अब शहर के प्रमुख कचरा प्वाइंट पर नगर निगम बनवाएगा चारदीवारी
कोटा. नगरनिगम शहर के प्रमुख कचरा प्वाइंट पर चारदीवारी करवाएगा। इसके लिए एक्सईएन प्रेमशंकर शर्मा को आदेश जारी कर दिए गए हैं। फिलहाल लगभग सात प्वाइंट को इसके लिए चुना गया है। इसमें छावनी चौराहे के पास, गुमानपुरा आदि प्रमुख है। आयुक्त शिवप्रसाद एम नकाते ने बताया कि शहर में प्रमुख कचरा प्वाइंट पर देखा गया है कि कचरा फैला रहता है। इसमें खाद्य सामग्री होने के कारण गायें इन्हें खाने के लिए प्रवेश करती हैं और कचरे को फैला देती हैं। इस मामले में लगातार शिकायतें मिल रही थी। इसे देखते हुए यह फैसला किया गया है। वैसे तो सभी कचरा प्वाइंट पर यह व्यवस्था की जाएगी। फिलहाल प्रमुख प्वाइंट पर दो से तीन फीट की दीवार और लोहे के एंगल लगाए जाएंगे, ताकि उसमें आवारा पशु प्रवेश नहीं कर सकें। इसके अलावा वहां दरवाजा लगाया जाएगा, जिसमें कचरा उठाने वाले डंफर ट्रैक्टर ही प्रवेश कर सकें। यह काम शीघ्र शुरू करने के लिए कहा गया है।