शेयर से टूटे निवेशकों को सोने ने संभाला
ग्लोबलमार्केट में तेजी और शेयर बाजार में लगातार गिरावट के चलते पिछले सप्ताह में सोना 1050 रुपए प्रति दस ग्राम और चांदी 1700 रुपए प्रति किलोग्राम तक महंगी हो गई। पिछले एक माह में सोने के दामों में 20 प्रतिशत तक की तेजी चुकी है। आगे भी बाजार तेज रहने की संभावना है। कमोडिटी एक्सपर्ट के सोने के दाम 33 हजार रुपए प्रति दस ग्राम पहुंचने की उम्मीद लगाए हुए हैं।
बीते सप्ताह में सोने के दामों में जिस कदर तेजी छाई रही, उससे लगता है बाजार में इसके दामों में तेजी और आएगी। कमोडिटी एक्सपर्ट का कहना है कि निवेशक आज भी सोना-चांदी को सुरक्षित निवेश मानते हैं। इसलिए शेयर बाजार के नुकसान की भरपाई करने के लिए कीमती धातुओं में निवेश कर रहे हैं। जिससे दोनों में तेजी बनी हुई है। शुद्ध सोने के दाम शुक्रवार को 29450 रुपए प्रति दस ग्राम पर पहुंचने के बाद शनिवार को ग्लोबल मार्केट में गिरावट से सप्ताह अंत में मात्र 150 रुपए की गिरावट पर दाम 29300 रुपए प्रति दस ग्राम पर गए। सोना सोमवार को 28250 रुपए दस ग्राम पर खुला था। मंगलवार को रुपया कमजोर होने और शेयर बाजार में बिकवाली से सोने के दाम 300 रुपए उछल कर 28550 रुपए प्रति दस ग्राम रहे।
गुरुवार को सोना 800 रुपए उछल कर 29350 रुपए प्रति दस ग्राम बिका। शुक्रवार को सोना 100 रुपए और तेज होकर 29450 रुपए प्रति दस ग्राम हो गया। वहीं केडबरी का भाव 29300 रुपए प्रति दस ग्राम बोला गया।
चांदी1700 रुपए महंगी हुई
सप्ताहभर में चांदी 1700 रुपए प्रति किलो महंगी हुई। सोमवार को चांदी 35500 रुपए प्रति किलोग्राम पर खुली थी। औद्योगिक मांग बनी रहने से मंगलवार को चांदी 200 रुपए महंगी होकर 35700 रुपए प्रति किलोग्राम हो गई। गुरुवार को चांदी 1400 रुपए उछल कर 37100 रुपए प्रति किलोग्राम रही। शुक्रवार को 150 रुपए बढ़कर 37250 रुपए किलोग्राम रही। शनिवार मांग में कमी आने से 50 रुपए की नरमी पर भाव 37200 रुपए प्रति किलो पर बंद हुए।