डी-वार्मिंग डे आज, दी जाएगी कृमि नाशक दवा
जिलेमें बुधवार को डी-वार्मिंग डे (कृमि मुक्ति दिवस) पर स्कूलों आंगनबाड़ी केंद्रों पर 6.30 लाख बच्चों को कृमि नियंत्रण की दवा निशुल्क दी जाएगी। इसकी सभी तैयारियां पूरी कर ली गई है। जिला कलेक्टर डाॅ. रविकुमार सुरपुर ने मंगलवार को टैगोर हाॅल में पत्रकारों को इस कार्यक्रम की जानकारी दी। उन्होंने कहा कि 1 से 19 वर्ष के अपने सभी बच्चों को नजदीकी सरकारी, निजी विद्यालयों या आंगनबाड़ी केंद्रों पर भिजवाकर एल्बेंडाजोल गोली खिलाएं। आंत के कीड़ों को समाप्त करने के लिए राज्य सरकार ने यह प्रोग्राम लॉन्च किया है। इसमें 1 से 2 वर्ष के बच्चों को सिरप तथा 2 से 6 वर्ष के बच्चों को गोली आंगनबाड़ी केंद्रों के माध्यम से दी जाएगी, 6 से 19 वर्ष तक के बच्चों को विद्यालयों या संस्थानों के माध्यम से गोली खिलाई जाएगी। इस दिन छूटे बच्चों को 15 फरवरी को दवा दी जाएगी। सीएमएचओ डाॅ. आर. एन. यादव ने बताया कि कृमि संक्रमण से बच्चों में कई हानिकारक दुष्प्रभाव होते हैं। जैसे-कुपोषण, खून की कमी, भूख लगना, बेचैनी, पेट में दर्द सूजन, उल्टी, दस्त, मल में खून आना आदि। बच्चों में कृमि नियंत्रण से खून की कमी में सुधार, बेहतर पोषण के साथ ही रोग-प्रतिरोधक क्षमता बढ़ाने में मदद मिलती है।
खंडगांवड़ीविद्यालय से शुरू होगा कृमि मुक्ति दिवस
कृमिमुक्ति दिवस का जिला स्तरीय कार्यक्रम राजकीय आदर्श उच्च प्राथमिक विद्यालय खंड गांवड़ी से बुधवार को सुबह 11 बजे होगा। कार्यक्रम में जनप्रतिनिधि एवं अधिकारी 1 से 19 वर्ष तक के बालक-बालिकाओं को एल्बेण्डाजोल की दवा देकर अभियान का शुभारंभ करेंगे।
टैगोर हाॅल में नेशनल डी-वर्मिंग डे की कार्यशाला को संबोधित करते जिला कलेक्टर।