अब निगम किराए पर देगा साइकिलें शहर में 20 स्थानों पर बनेंगे स्टैंड
भास्कर ने उठाया था साइकिल ट्रैक का मामला
शहरका पॉल्यूशन कम करने तथा साइक्लिंग के शौकीनों के लिए नगर निगम अब किराए पर साइकिल किराए पर देगा। स्मार्ट सिटी में शामिल होने के लिए निगम द्वारा ये कवायद की जा रही है। इसके लिए निगम पीपीपी मॉडल पर साइकिल किराए पर देने की व्यवस्था शुरू कर रहा है। शहर के 20 स्थानों पर साइकिल स्टैंड बनाए जाएंगे। लोग अपनी सुविधानुसार किसी भी स्टैंड से साइकिल लेकर उसे किसी भी अन्य स्टैंड पर जमा करवा सकेंगे। स्टैंड बनाने का काम शुरू होने वाला हैं और मार्च के प्रथम सप्ताह से ये सुविधा शुरू कर दी जाएगी।
इस योजना के लिए राज्य सरकार के स्तर पर दिल्ली की एक कंपनी से एमओयू साइन किया जा चुका है। जिसमें नगर निगम द्वारा केवल स्टैंड तैयार करके दिए जाएंगे। बाकी साइकिल उपलब्ध करवाने, किराए पर देने और इसके संचालन की जिम्मेदारी कंपनी की रहेगी। इसके लिए शहर के प्रमुख बाजारों स्थानों को शामिल करते हुए 20 स्थानों का चयन किया गया है जहां स्टैंड बनेंगे और साइकिल किराए पर उपलब्ध होगी। जिसमें प्रमुख रूप से ढकनिया स्टेशन, नयापुरा, नया बस स्टैंड, सीएडी सर्किल, कलेक्ट्रेट सर्किल, इंद्रविहार, राजीव गांधी नगर, विज्ञाननगर, एरोड्रम सर्किल आदि स्थान शामिल होंगे।