कभी पुलिस या आबकारी को पत्र लिखा ही नहीं
इतने बेखौफ अतिक्रमी! चौथी बार तोड़नी पड़ी दशहरा मैदान में शराब की दुकान
अतिक्रमणके प्रति नगर निगम के नरम रुख के कारण अतिक्रमी बेखौफ हो रहे हैं। हालत ये है कि स्टेशन क्षेत्र में दो बड़े बरसाती नालों के ऊपर ही दुकान का निर्माण शुरू कर दिया गया। शिकायतों मौका रिपोर्ट में साबित होने के बाद भी दुकान का निर्माण जारी है और कार्रवाई के नाम पर निगम केवल नोटिस देकर जवाब का इंतजार कर रहा है। इधर, दशहरा मैदान में शराब की दुकान बार-बार हटाने के बाद फिर लग जाती है। बुधवार को निगम ने चौथी बार दुकान हटाई,लेकिन पुख्ता कार्रवाई फिर भी नहीं की।
वार्ड नंबर 36 में दो बड़े नालों से रेलवे मालगोदाम, रेलवे काॅलोनी, सुंदर नगर, कृष्णा नगर काॅलोनियों का पानी वार्ड के बाहर निकलता है। बरसात में ये नाले ओवरफ्लो हो जाते हैं। नालों के मिलान के पास एक प्लॉट के मालिक ने इस नाले पर पिलर बनवाए और दुकान बनाना शुरू कर दिया। स्थानीय पार्षद रमेश चतुर्वेदी ने विरोध किया और निगम में शिकायत की। निगम ने सीएसआई को भेजा। उसने भी अतिक्रमण माना। उसके बाद हैल्थ आफिसर डॉ. मुकेश वर्मा जेईएन ने उस दुकान को अतिक्रमण माना और इस आधार पर उस व्यक्ति को अतिक्रमण करने तथा किए गए निर्माण को तोड़ लेने का नोटिस जारी किया। इस नोटिस का उसने कोई जवाब नहीं दिया। निगम ने भी उसे तोड़ने की कार्रवाई नहीं की। दुकान का निर्माण कार्य अभी भी चल रहा है।