निगम के निर्माण कार्य में भेदभाव पर उखड़े राजावत
कोटा|नगर निगममें शहर के विकास में निर्माण को लेकर विधायक भवानीसिंह राजावत ने गहरी नाराजगी जताई है। उन्होंने कहा कि लाड़पुरा विधानसभा क्षेत्रों के निर्माण कार्यों में जो भेदभाव किया जा रहा है वह शहर के लिए ठीक नहीं है। निर्माण कार्य बिना किसी भेदभाव के हर क्षेत्र में होने चाहिए बल्कि, लाड़पुरा जैसे पिछड़े इलाके को प्राथमिकता देते हुए मूलभूत सुविधाएं मुहैया करवानी चाहिए। उन्होंने पार्षदों से कहा कि वे बोर्ड की बैठक में लोकतांत्रिक तरीके से तर्क और तथ्यों के आधार पर इस मामले में अपनी बात रखें।
राजावत मंगलवार को नगर निगम द्वारा करवाए जा रहे कार्यों में लाड़पुरा विधानसभा क्षेत्र के साथ हो रहे भेदभाव के बाद क्षेत्र के आक्रोशित भाजपा पार्षदों की बैठक को संबोधित कर रहे थे। उन्होंने कहा कि वे निर्माण कार्यों का विधानसभा क्षेत्रवार तुलनात्मक विश्लेषण करें, अपने अपने क्षेत्र में कार्यों का निरीक्षण करें, घटिया गुणवत्ता हो तो कार्य को रुकवाकर ठेकेदार का भुगतान रुकवाएं और लगातार मॉनीटरिंग करें। बैठक में पार्षदों द्वारा अपने अपने वार्डों में लंबित जरूरी निर्माण कार्यों की जानकारी देते हुए बताया कि शहर के तीनों विधानसभा क्षेत्रों में लाड़पुरा में सर्वाधिक निर्माण करवाने की आवश्यकता है। नगर निगम सीमा में शामिल किये गये 21 गांव लाड़पुरा में हैं, 80 प्रतिशत से अधिक अविकसित कृषि भूमि पर बसी कॉलोनियां भी लाड़पुरा में है, ऐसे में अधिक कार्य स्वीकृत करने के बजाय जायज हक भी नहीं मिल रहा है। इससे क्षेत्र की जनता का आक्रोश पार्षदों को झेलना पड़ रहा है।
बैठक में पार्षदों द्वारा नई बसी कृषि भूमि कॉलोनियों एवं गांवों में सामुदायिक भवन एवं श्मशानों के निर्माण, अविकसित पड़े पार्कों के विकास, पट्टेशुदा कॉलोनियों में नगर विकास न्यास द्वारा विकास का मुद्दा भी उठाया गया। विधायक राजावत ने कहा कि सभी पार्षद एकजुट होकर निर्माण कार्यों के प्रस्ताव स्वीकृत करवाने पर विशेष ध्यान दें तथा अपने जायज काम करवाने के लिए लोकतांत्रिक तरीके से दबाव बनाएं। बैठक में उपमहापौर सुनीता व्यास, जिला मंत्री राकेश मिश्रा, पार्षद राममोहन मित्रा, कृष्णमुरारी सामरिया, सुरेश मीणा, दौलतराम मेघवाल, भगवान स्वरूप गौतम, रामलाल भील, मीना प्रजापति, शकुंतला बैरवा, मधु कंवर हाड़ा, दुर्गेश कुमारी आदि प्रमुख थे।
भाजपा पार्षदों की एक बैठक को सम्बोधित करते विधायक भवानीसिंह राजावत।