हड़ताल करें या नहीं की रायशुमारी के लिए 91 फीसदी रेलकर्मियों ने मतदान किया
कोटा |सातवेंवेतन आयोग की सिफारिशों के विरोध में हड़ताल को लेकर रेलकर्मियों की राय जानने के लिए शुक्रवार को भी कोटा रेल मंडल में मतदान किया गया। दो दिन में 91 फीसदी कर्मचारियों ने मतदान किया। अब मतगणना के बाद पता चलेगा कि कर्मचारी हड़ताल के पक्ष में हैं या नहीं।
वेस्ट सेन्ट्रल रेलवे एम्पलाईज यूनियन के महामंत्री मुकेश गालव ने बताया कि कोटा, बूंदी, बारां, रामगंजमंडी, शामगढ़ एवं अन्य स्थानों ने रेलकर्मियों ने मतदान किया। कोटा में लगाए 5 बूथों पर मतदान के दूसरे चरण में रेलकर्मचारियों ने अनिश्चितकालीन हड़ताल की राय बताने के लिए मतदान किया। कोटा मंडल पर मतदान के दोनों दिनों में कुल 14465 रेलकर्मचारियों ने मतदान में भाग लिया गया। कोटा मंडल पर कार्यरत कुल कर्मचारियों के हिसाब से 91 प्रतिशत कर्मचारियों ने मतदान में भाग लिया। मतदान के पश्चात मत पेटियां 13 फरवरी को 10 बजे तक यूनियन के मंडल कार्यालय में जमा हो जाएंगी। इसी दिन दोपहर 3.00 बजे मतगणना कोटा शहर के गणमान्य लोगों की उपस्थिति में स्टेशन रोड़ यूनियन कार्यालय में होगी।