हॉस्टल में छापा, गिरफ्तार हुआ सट्टा किंग
कोटा| विज्ञाननगर में एक स्टूडेंट हॉस्टल में सट्टा चल रहा था। हॉस्टल संचालक ही यह काम कर रहा था। पुलिस की मंगलवार को हुई कार्रवाई के बाद यह सच सामने आया। विज्ञान नगर पुलिस ने जब हॉस्टल संचालक अब्दुल मलिक (36) को गिरफ्तार किया तो उसके पास मिले हिसाब-किताब से अधिकारी चौंक गए। डीएसपी सिद्धांत शर्मा ने बताया कि इसके पास से 55 हजार रुपए नकद बरामद हुए। वहीं डायरियों में करोड़ों का हिसाब मिला। प्रारंभिक छानबीन पूछताछ में सामने आया कि कोटा शहर के सभी बड़े खाईवालों का सट्टा यही लगवाता है। दिनभर हॉस्टल में रहकर मोबाइल पर यह काम करता है, बाद में पैसे इकट्ठे कर आगे पहुंचाता है। अब उसके पास मिले हिसाब के आधार पर दूसरे लोगों की धरपकड़ की जाएगी। इसके हॉस्टल में स्टूडेंट रहते हैं, ऐसे में बगैर पुख्ता सूचना कोई एकबारगी शक भी नहीं करता। आरोपी से गहनता से पूछताछ की जा रही है।