जल स्वावलंबन के लिए उद्यमी स्वप्रेरित होकर करें सहयोग
कोटा| मुख्यमंत्रीजल स्वावलंबन अभियान में जनभागीदारी के लिए जिले के उद्यमियों एवं कोचिंग संस्थानों की बैठक मंगलवार को कलेक्टर डॉ. रविकुमार सुरपुर की अध्यक्षता में टैगोर हॉल में हुई। जिसमें वाईब्रेन्ट एकेडमी द्वारा 4 लाख रुपए का चेक जल स्वावलंबन अभियान के लिए प्रदान किया गया। सभी उद्यमियों एवं नागरिकों ने अभियान को वर्तमान परिप्रेक्ष्य में उपयोगी बताते हुए सक्रिय रूप से सहयोग करने का आश्वासन दिया। जिला कलेक्टर ने कहा कि जिले में प्रथम चरण में 66 गांवों को पेयजल, कृषि में सिंचाई के लिए आत्मनिर्भर बनाने के लिए यह अभियान चलाया जा रहा है। अधीक्षण अभियंता जलग्रहण विकास सीएम तेजावत ने बताया कि जिले में 95 करोड़ रुपए के कार्य स्वीकृत किए गए हैं, जिन्हें 30 जून तक पूरा कराया जाना है। उन्होंने ग्राम पंचायतवार कार्यों एवं जल स्वावलंबन अभियान की महत्ता के बारे में जानकारी दी। बैठक में एडीएम (प्रशासन) कल्पना अग्रवाल, जिला परिषद सीईओ जुगल किशोर मीणा, महाप्रबंधक जिला उद्योग केन्द्र कौशिक, डीसीएम, श्रीराम रेयंस, चंबल फर्टिलाइजर्स, वाईब्रेन्ट एकेडमी और मंगलम सीमेंट सहित औद्योगिक संगठनों के पदाधिकारी उपस्थित रहे।