कोटा. लाडपुरा मेन रोड पर स्थित मकान में मंगलवार को दिनदहाड़े एक नकाबपोश लुटेरा घुस गया। वहां मौजूद मकान मालिक की बेटी को चाकू के बल पर धमकाया और आलमारी में रखे 75 हजार रुपए लूट ले गया। घटना के बाद लाडपुरा के कुछ लोगों ने लुटेरे का पीछा भी किया, लेकिन वह नदी किनारे की गलियों से कहीं निकल गया। पुलिस हुलिए के आधार पर मामले की जांच कर रही है।
लाडपुरा में किराने की दुकान लगाने वाले जगदीश बंसल ने बताया कि दोपहर करीब सवा बजे यह घटना हुई। वे, उनकी पत्नी व बेटा दुकान पर थे। घर पर बेटी सोनिका (16) अकेली ही थी, वह पढ़कर आई थी। खाना खाकर वह लेटने लगी, तभी एक युवक ने शटर ऊंचा किया और मकान में घुस गया। उसने कहा कि तुम्हारे पापा दुकान पर तेल के पीपे मंगवा रहे हैं। इस पर सोनिका ने उससे पूछा कि आप कौन हो, मैं तो आपको जानती ही नहीं?
इसके बाद लुटेरे ने चाकू निकाल लिया और सोनिका को कहा कि घर में जो कुछ भी है, उसे दे दो, वरना जान से मार देगा। वह घबरा गई और उसने आलमारी की तरफ इशारा कर दिया। आरोपी ने आलमारी में रखे करीब 75 हजार रुपए उठा लिए। लॉकर नहीं खुला तो पेचकस से खोलने का प्रयास किया। उसने चाबी मांगी, सोनिका ने बताया कि लॉकर की चाबी मां के पास है और वह दुकान पर हैं।
इस पर आरोपी फिर से लॉकर खोलने का प्रयास करने लगा, इसी बीच मौका पाकर सोनिका वहां से भागने लगी। आरोपी भी उसके पीछे भागा तो वह सीढ़ियों पर गिर गई। चिल्लाई तो लोग भी दौड़कर आए, इसी बीच आरोपी भाग गया। उसके पास बैग भी था। लाडपुरा के कई दुकानदारों ने उसका पीछा भी किया, लेकिन वह फरार हो गया।
सभी पहलुओं पर जांच
घटना की सूचना पर थानाधिकारी पुष्पेंद्र आढ़ा भी मौके पर पहुंच गए। उन्होंने बताया कि आरोपी की उम्र 20-22 साल बताई जा रही है, उसने जीन्स व नकाब पहन रखा था। हुलिए के आधार पर उसकी तलाश की जा रही है। वहीं सभी पहलुओं पर जांच कर रहे हैं।