पाएं अपने शहर की ताज़ा ख़बरें और फ्री ई-पेपर

डाउनलोड करें

पटवारी परीक्षा: चुनरी व मंगलसूत्र पर बैन नहीं, छोटे बटन के स्वेटर पहन सकेंगे

5 वर्ष पहले
  • कॉपी लिंक
कोटा. 13 फरवरी को होने वाली पटवारी भर्ती के लिए राजस्थान अधीनस्थ एवं मंत्रालयिक सेवा चयन बोर्ड के ड्रेस कोड के अनुसार परीक्षा देनी होगी। जो परीक्षार्थी निर्धारित कोड के अनुसार कपड़े पहनकर नहीं आएंगे उन्हें केंद्र पर एंट्री नहीं मिलेगी। हालांकि बोर्ड के निर्देशों में चुनरी और मंगलसूत्र पर रोक नहीं है। सूट, टाई, मफलर, जैकेट, कोट, ब्लेजर, शॉल पहनकर केंद्र पर नहीं आना है।
परीक्षार्थी सादी शर्ट, बिना जेब वाली जर्सी, स्वेटर जिसमें बड़े बटन नहीं लगे हों पहनकर आ सकेंगे। शर्ट में किसी भी तरह का बैज नहीं लगा होना चाहिए। महिलाएं अपने चोटी में रबड़ बैंड या साधारण किस्म की हेयर पिन लगाकर आ सकेंगी। स्वेटर, जर्सी, जूते, मोजे उतार कर सिर से स्कार्फ हटाकर तलाशी देनी होगी। कलेक्ट्रेट स्थित कमरा नं.10 और डीईओ माध्यमिक में कंट्रोल रूम बनाया है। शहर के 11 केंद्रों पर 33 हजार परीक्षार्थी परीक्षा देंगे। एक घंटे पहले केंद्र पर उपस्थित होना होगा।
परीक्षा समाप्ति के 72 घंटे तक दे सकेंगे आपत्तियां
परीक्षा के सहायक समन्वयक अधिकारी नरेंद्र कुमार गहलोत ने बताया कि प्रश्न पत्र में किसी भी प्रकार की गलती या अन्य आपत्तियां दे सकेंगे। परीक्षा समाप्ति के 72 घंटे बाद तक परीक्षार्थी अापत्तियां दर्ज करवा सकेंगे। बोर्ड की वेबसाइट www.rsmssb.rajasthan.gov.in पर ऑनलाइन आपत्तियां दर्ज करवाई जा सकती हैं, लेकिन इसके लिए प्रमाण भी देना होगा।
प्रवेश पत्र के साथ फोटो आईडी भी लाएं
परीक्षार्थियों को केंद्र पर प्रोविजनल ई-प्रवेश पत्र, वोटर आईडी, पैनकार्ड, ड्राइविंग लाइसेंस में से किसी आईडी की मूल प्रति लानी होगी। साथ ही ढाई गुना ढाई सेमी का स्वयं का रंगीन फोटो, नीला बॉल पेन, गत्ता या तख्ती साथ में लानी होगी। फोन, किताब, नोट बुक, बैग, पर्स के साथ प्रवेश नहीं मिलेगा।
खबरें और भी हैं...