झालावाड़। झालावाड़ से बारां जा रही ओवरलोड रोडवेज बस शनिवार शाम को बाघेर घाटी के चूनाभाटी गांव के पास मोड़ पर पलट गई। इससे 13 लोग घायल हो गए। हादसे के बाद बस के चालक व कंडक्टर मौके से फरार हो गए। वहीं वहां से गुजर रहे लोग घायलाें की मदद के लिए दौड़ पड़े।
प्रत्यक्षदर्शियों ने बताया कि ड्राइवर बस से संतुलन खो बैठा जिससे ये हादसा हुआ। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और घायल को अस्पताल पहुंचाया। वहीं एडीएम, एसडीएम व जनप्रतिनिधियों ने अस्पताल पहुंच घायलों का हाल जाना। डीएसपी कुशालसिंह राजपुरोहित ने बताया कि बारां डिपो की बस झालावाड़ से बारां जा रही थी, तभी बाघेर घाटी पर चुनाभाटी गांव के समीप मोड़ पर बस का चालक संतुलन खो बैठा और बस रोड पर ही पलट गई। बस ओवरलोड थी।
सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची ओर घायलों को बाहर निकाला। पुलिस के वाहन व 108 एंबुलेंस से घायल को अस्पताल पहुंचाया गया। इस दौरान 1 बच्चे सहित 12 जने अस्पताल में भर्ती हुए। इसके अलावा एक 108 एंबुलेंस मौके पर ही थी। जिसके स्टाफ ने बस में सवार लोग जिनको मामूली चोटें आई थी उनका प्राथमिक उपचार किया। इधर हादसे की सूचना मिलने पर एडीएम खजानसिंह, एसडीएम रामचरण शर्मा, कोतवाली मौके पर पहुंचे और मरीजों के हाल जाने।
हादसे के अलग-अलग कारण आए सामने अस्पताल में भर्ती भरोसी बाई ने बताया कि वह झालावाड़ से बस में बैठकर खानपुर जा रही थी, तभी बाघरे घाटी के पहले मोड़ पर अचानक बस लहराई और कुछ समझ पाते इतनी देर में बस पलट गई। बस में सवार घायल बीरम ने बताया कि चालक से मोड़ पर बस कटी नहीं और लहराते हुए पलटी मार गई। सुगंधबाई का कहना है कि चालक की गतिविधिया ठीक नहीं लग रही थी उसने शराब पी रखी थी। इधर, डीएसपी खुशालसिंह ने बताया कि ड्राइवर मोड़ पर बस काट नहीं सका और अनियंत्रित हो गई, इससे पलटी मारने की बात सामने आई है।