पाएं अपने शहर की ताज़ा ख़बरें और फ्री ई-पेपर

डाउनलोड करें

ज्वॉय ट्रेन का समय बढ़ाने को UIT करेगी अपील, याचिकाकर्ता से भी करेगी बात

5 वर्ष पहले
  • कॉपी लिंक
कोटा. बच्चों की तकलीफ को देखते हुए यूआईटी ज्वॉय ट्रेन का समय बढ़ाने के लिए तैयार है। इसके लिए यूआईटी हाईकोर्ट में पुनर्विचार याचिका लगाएगी। यूआईटी का कहना है कि यदि इस ट्रेन के खिलाफ याचिका लगाने वाले भी समय बढ़ाने के लिए सहमति दे दें तो ये काम और भी आसान हो सकता है।
भास्कर ने इस मामले में याचिकाकर्ता से बात की तो उन्होंने कहा कि मैं अकेला कोई निर्णय नहीं ले सकता क्योंकि मैंने तो केवल याचिका पर साइन किए थे। मुझे लड़ाने वाले लोग दूसरे थे। उनसे पूछकर ही कोई निर्णय लूंगा।
सीवी गार्डन में चल रही ज्वॉय ट्रेन के लिए ट्रैक बनाने के साथ ही पर्यावरण को खतरा बताते हुए विरोध शुरू हो गया था। बृजेश विजयवर्गीय ने कोर्ट में याचिका लगा दी थी। बाद में यूआईटी ने इसका इंजन बदलकर गैस इंजन मंगवाया था। इसमें करीब 1 करोड़ का नुकसान हुआ था। इसके बाद याचिकाकर्ता ने पार्क में मॉर्निंग व इवनिंग वॉक वालों को खतरा बताते हुए ट्रेन रोकने की मांग की।
एक गलत शपथ पत्र पर निर्धारित हो गया समय
यूआईटी ने कोर्ट से कहा कि वो सूर्योदय के बाद व सूर्यास्त के पहले ही ट्रेन चलाएंगे। इसके बाद यूआईटी ने सुबह 10 से शाम 5 बजे तक ट्रेन चलाने का शपथ पत्र दे दिया, जिस पर कोर्ट ने मंजूरी दे दी थी। उस समय तो ट्रेन चल गई, लेकिन जब गर्मी का मौसम आया तो इस समय लू के थपेड़े देख बच्चों ने आना बंद कर दिया। बच्चे शाम को पहुंचते तो उन्हें ट्रेन बंद मिलती और वे मायूस होकर लौट जाते। भास्कर ने बच्चों की इस पीड़ा को उठाया और शाम का समय बढ़ाने के विकल्प बताए थे।
हम तो तैयार, ट्रेन का समय बढ़ाने में कोई आपत्ति नहीं- यूआईटी
यूआईटी के सचिव डॉक्टर एमएल यादव ने बताया कि इस संबंध में अधिकारियों से वार्ता की थी। हमें शाम को ट्रेन का समय बढ़ाने में कोई आपत्ति नहीं है। इस संबंध में हाईकोर्ट में पुनर्विचार याचिका लगाकर समय सुधारने की अपील करेंगे। साथ ही एक्सईएन अनिल गालव को जिम्मेदारी दी है कि वे याचिकाकर्ता व पर्यावरण प्रेमियों से बात करें कि बच्चों के हित में वे समय बढ़ाने में सहयोग करें।
मैं अकेला कुछ नहीं कर सकता- याचिकाकर्ता
याचिकाकर्ता बृजेश विजयवर्गीय ने बताया कि मैंने याचिका लगाई थी, लेकिन मेरे पीछे सीवी गार्डन बचाओ संघर्ष समिति थी। मैं अकेला कुछ नहीं कर सकता। उनसे बात करूंगा। बिना कोर्ट के परमिशन के यूआईटी समय नहीं बढ़ा सकती कंटेम्प्ट ऑफ कोर्ट होगा।
बच्चों के हित में हम सहयोग करने को तैयार- संघर्ष समिति
सीवी गार्डन बचाओ संघर्ष समिति के अध्यक्ष किशनलाल अग्रवाल ने बताया कि बच्चों के हित के लिए मैं पूरा सहयोग करने को तैयार हूं। भास्कर द्वारा उठाई गई बच्चों की पीड़ा से मैं भी इत्तफाक रखता हूं, लेकिन समिति में 22 सदस्य हैं। यूआईटी यदि तैयार है तो वो प्रस्ताव बताए। बैठक बुलाकर इस प्रस्ताव को सभी के सामने रख देंगे।
खबरें और भी हैं...