पाएं अपने शहर की ताज़ा ख़बरें और फ्री ई-पेपर
डाउनलोड करेंकोटा. कांग्रेस कार्यालय में सोमवार को हुई बैठक में मुद्दे पर केवल 5 मिनट बात हुई और 45 मिनट तक विधानसभा चुनावों में हार को लेकर जबरदस्त हंगामा हुआ। लाडपुरा क्षेत्र से प्रत्याशी नईमुद्दीन गुड्डू समर्थकों ने प्रदेश और शहर प्रभारी सचिव मुकेश शर्मा को खूब खरी-खोटी सुनाई। आरोप लगाया कि अल्पसंख्यकों और एसटी-एससी समुदाय की उपेक्षा के कारण पार्टी की हार हुई। गरमागरमी इतनी ज्यादा हो गई कि सचिव के साथ गाली-गलौज तक कर दी। बाद में मान मनौव्वल पर कार्यकर्ता शांत हुए। मीटिंग जयपुर में पार्षदों और जिला परिषद सदस्यों की 29 व 30 जनवरी को होने वाली बैठक के लिए बुलाई गई थी।
बैठक के शुरू में ही पहुंचे पूर्व पार्षद चंद्रदीप आमेरा को समर्थकों के साथ मीटिंग हॉल से बाहर निकाला तो आमेरा हॉल के दरवाजे पर धरने पर बैठ गए और जोर-जोर से बोलने लगे कि बंद कमरे में कांग्रेस नहीं चलेगी। कांग्रेस को प्राइवेट लिमिटेड मत बनाओ। शहर जिला कांग्रेस अध्यक्ष पंडित गोविंद शर्मा भी यहां मौजूद थे। बैठक खत्म होते ही जिला सचिव आबिद कुरैशी, पार्षद शरीफ पठान, जिला परिषद सदस्य नईमुद्दीन गुड्डू व अन्य कांग्रेसजन हॉल में पहुंचे। कुरैशी ने शर्मा से चिल्लाते हुए कहा कि आप प्रभारी सचिव हैं, नैतिकता के नाते इस्तीफा दें।
फरवरी में हो सकती है प्रत्याशियों की घोषणा
प्रभारी सचिव ने कहा कि फरवरी में राज्य की अधिकतर सीटों पर प्रत्याशियों के नामों की घोषणा कर दी जाएगी। संगठन में बदलाव को उन्होंने नकार दिया, हालांकि कहा कि जरूरत हुआ तो बदलाव जरूर किए जाएंगे।
जो कभी पार्षद का चुनाव भी नहीं जीता, उसे यूआईटी का चेयरमैन बना दिया
पार्षद शरीफ पठान ने सचिव शर्मा को कहा कि जो पार्षद का चुनाव नहीं जीता उसे यूआईटी चेयरमैन बना दिया। अल्पसंख्यक व एससी, एसटी से जुड़े लोगों को जब-जब कांग्रेस ने दरकिनार किया है, कांग्रेस पिछड़ी है। नईमुद्दीन गुड्डू ने कहा कि जब तक विरोधियों पर सख्ती नहीं होगी, सुधार नहीं हो सकता। इस पर प्रभारी सचिव ने कहा कि जिसको शिकायत है, वो जयपुर आकर सचिन पायलट को बताएं।
पार्टी को जिंदा रखना है, तो साम्प्रदायिक लोगों को हटाओ, विरोध में काम करने वालों को हटाओ
पार्षद शरीफ पठान ने सचिव शर्मा से कहा कि रवींद्र त्यागी, कालू मलकानी, देवेश तिवारी को पार्टी से निकालो। कालू मलकानी और देवेश तिवारी ने पार्टी के विरोध में काम किया है। कहा कि क्या, अल्पसंख्यक व एससी, एसटी का कोई नहीं दिखा यूआईटी चेयरमैन बनाने के लिए? पार्टी को जिन्दा रखना है तो साम्प्रदायिक लोगों को हटाओ। सचिव ने गुड्डू, कुरैशी, पठान और क्रांति तिवारी को कहा कि प्रदेशाध्यक्ष पायलट को शिकायत करो, मैं भी तुम्हारे साथ चलूंगा।
Copyright © 2021-22 DB Corp ltd., All Rights Reserved
This website follows the DNPA Code of Ethics.