कोटा। कैथून मार्ग पर खेड़ारसूलपुर चौराहे पर एक निजी बस ने दो बाइक सवारों को एक साथ टक्कर मार दी। इससे तीन लोग गंभीर घायल हो गए। एक जने को मामूली चोट आईं। एक घायल का पैर बस के नीचे आने से अलग हो गया।
पुलिस के अनुसार कैथून के आर्दश नगर निवासी जगदीश कुमार अपने साथी लेखराज के साथ बाइक से धाकडख़ेड़ी से कैथून जा रहा था। वहीं, केशवपुरा निवासी राजेंद्र प्रजापत पवन कुमार के साथ कैथून से कोटा की ओर आ रहा था। खेड़ारसूलपुर चौराहे पर आमने-सामने बाइक आने पर दोनों ने बाइक रोक ली। इसी दौरान कैथून जा रही निजी बस ने दोनों बाइक को टक्कर मार दी।
दुर्घटना में जगदीश कुमार नीचे गिरा और उसका पैर पहिए के नीचे आ गया। इससे उसका पैर अलग हो गया। लेखराज के मामूली चोट लगी। राजेंद्र व पवन कुमार भी बस की टक्कर से घायल हो गए। जगदीश, राजेंद्र और पवन को गंभीर हालत में एमबीएस अस्पताल में भर्ती कराया गया है। पुलिस ने बस को जब्त कर लिया है। लोगों ने बताया कि इस मार्ग पर आए दिन हादसे हो रहे हैं।
आगे की स्लाइड में दुर्घटना में घायल हुआ एक अन्य युवक