कोटा। छपावदा गांव में दर्ज पुराने परिवाद की जांच करने गुरुवार शाम को पहुंचे थाने के बीट कांस्टेबल घीसालाल को बंधक बनाकर ग्रामीणों ने पिटाई कर दी। ग्रामीणों का आरोप है कि एक अन्य साथी के साथ आए कांस्टेबल ने शराब पीकर महिलाओं से अभद्रता और मारपीट की।
घटना की सूचना मिलते ही तालेड़ा थाने से पुलिस जाब्ता व डीएसपी रानू शर्मा मौके पर पहुंचीं और ग्रामीणों द्वारा बंधक बनाए कांस्टेबल को छुड़ाने का प्रयास किया। डीएसपी को भी ग्रामीणों के आक्रोश का सामना करना पड़ा। ग्रामीण कांस्टेबल को निलंबित करने की मांग पर अड़ गए।
डीएसपी ने समझाइश कर निजी वाहन से कांस्टेबल व उसके साथी को मेडिकल जांच के लिए रवाना किया। ग्रामीण ओमप्रकाश बैरवा, रघुवीर बैरवा, भैरुलाल ने बताया कि पुलिस कर्मी व उसके एक अन्य साथी शराब के नशे में शाम को नाथूलाल बैरवा के घर पर गए। वहां घर पर महिलाओं के साथ अभद्रता की। ग्रामीणों ने मना किया, तो उनके साथ भी मारपीट करने लगे।
डीएसपी रानू शर्मा ने बताया कि कांस्टेबल परिवाद की जांच पर छपावदा गया था। उसके साथ ग्रामीणों ने मारपीट कर वहां बैठा लिया था। पुलिसकर्मी ने शराब पी रखी थी या नहीं इसकी जांच करवाई गई है। जांच के बाद ही कुछ कहा जा सकता है। देर शाम एएसपी सुधीर जोशी भी थाने पर पहुंचे और मामले की पड़ताल शुरू की। उन्होंने फिलहाल कांस्टेबल को लाइन हाजिर कर दिया है।