पाएं अपने शहर की ताज़ा ख़बरें और फ्री ई-पेपर

डाउनलोड करें

विधानसभा में छाया रहा एयर एंबुलेंस अटकने का मुद्दा

7 वर्ष पहले
  • कॉपी लिंक

कोटा। शहर के एयरपोर्ट की हवाई पट्टी पर नाले का पानी भर जाने का मामला बुधवार को विधानसभा में गूंजा। भास्कर में बुधवार को यह खबर प्रमुखता से छपने के बाद विधायक ओम बिरला ने राज्यपाल के अभिभाषण पर धन्यवाद प्रस्ताव पर बोलते हुए एयरपोर्ट का मुद्दा उठाया।

उन्होंने गहलोत सरकार को कोसते हुए कहा कि कोटा में एयरपोर्ट पर पानी भर गया, जिससे एक घायल को ले जाने के लिए एयर एंबुलेंस नहीं उतर सकी। वह जिंदगी और मौत के बीच जूझता रहा। राज्य और केंद्र में 5 साल तक कांग्रेस की सरकार रही लेकिन एयरपोर्ट से विमान सेवा चालू नहीं हो सकी।

बिरला ने आरोप लगाया कि जिस इलाके के मुख्यमंत्री रहे वे आईआईटी वहां खींच ले गए। राज्य सरकार क्षेत्रवाद के आधार पर चले, यह न्यायोचित नहीं है। उन्होंने कहा कि पांच साल में कोटा के मेडिकल कॉलेज पूर्ण विकसित नहीं हो सका और उद्योग बंद होते चले गए।

27 घंटे बाद घायल वृद्ध को लेने कोटा पहुंची एयर एंबुलेंस
जिंदगी और मौत के बीच जूझ रहे विज्ञाननगर निवासी घायल पुरुषोत्तम दास गुप्ता को दिल्ली ले जाने के लिए एयर एंबुलेंस नियत समय से 27 घंटे बाद कोटा पहुंची। बुधवार दोपहर 2 बजकर 10 मिनट पर कोटा उतरने के बाद परिजनों को राहत मिली। एंबुलेंस में नई दिल्ली मेदांता अस्पताल की टीम भी साथ थी। परिजनों के साथ चिकित्सा टीम तलवंडी स्थित निजी अस्पताल पहुंची। यहां डिस्चार्ज प्रक्रिया पूरी कर उन्हें एयरपोर्ट लाया। दोपहर 3 बजकर 10 मिनट पर एयर एंबुलेंस से उन्हें दिल्ली रवाना किया। मंगलवार को एयरपोर्ट पर नाले का पानी भरा होने से एयर एंबुलेंस उतारने की एयरपोर्ट प्रशासन ने अनुमति नहीं दी थी।


सुबह 8.30 क्लीयरेंस, एयर एंबुलेंस भेजने से इनकार
एयरपोर्ट प्रशासन ने सुबह 8.30 बजे दिल्ली से आने वाली एंबुलेंस को क्लीयरेंस दे दी, लेकिन एयरपोर्ट अथॉरिटी ऑफ इंडिया नई दिल्ली ने बीटिंग रिट्रीट (26 जनवरी की समापन परेड) के कारण छोटे विमान, एयर एंबुलेंस को शाम 6 बजे तक भेजने के लिए नोटम (मनाही) जारी कर दिया। दोपहर 11 बजे तक परिजन असमंजस में रहे।


सांसद ने दिलाई अनुमति
घायल पुरुषोत्तम दास गुप्ता के भाई दिनेश ने बताया कि दिल्ली से एयर एंबुलेंस मंगवाने को लेकर सांसद इज्यराजसिंह से संपर्क किया। उन्होंने दिल्ली में एयरपोर्ट अधिकारियों से बातचीत की। वहां से अनुमति मिलने के बाद दोपहर एक बजकर 10 मिनट पर एंबुलेंस कोटा के लिए रवाना हुई।