पाएं अपने शहर की ताज़ा ख़बरें और फ्री ई-पेपर

डाउनलोड करें

स्कूल से बंक मारकर घूमने के लिए 10वीं के छात्र यूनिफार्म पहन चुराते थे बाइक

7 वर्ष पहले
  • कॉपी लिंक
कोटा. स्कूल से बंक मारकर घूमने के लिए 10वीं क्लास के तीन दोस्त पिछले दो माह से शहर में बाइक चुरा रहे थे। ये स्कूल ड्रेस में बैग टांगकर बाइक चुराते थे, ताकि किसी को शक नहीं हो। तीनों नाबालिग दोस्तों को शुक्रवार दोपहर रावतभाटा रोड पर बाइक चलाते हुए पुलिस के अचानक रोका तो यह खुलासा हुआ।
पुलिस ने 6 बाइक बरामद करके तीनों को गिरफ्तार कर लिया है। जिन्हें शनिवार को बाल न्यायालय में पेश किया जाएगा। एएसपी राजन दुष्यंत ने बताया कि शहर में हो रही चोरी , लूट जैसी घटनाओं को देखते हुए दादाबाड़ी पुलिस रावतभाटा रोड पर पिछले दिनों से नाकाबंदी कर रही है।
सरस दूध डेयरी तिराहे पर शुक्रवार को नयागांव की तरफ से स्कूल ड्रेस में अलग-अलग बाइकों पर तीन नाबालिग बच्चे (14-15 साल) आते हुए दिखे तो उन्हें रोक लिया। पूछने पर वे कोई जवाब नहीं दे पाए और रिश्तेदारों की बाइक होना बताया, लेकिन दो-चार सवाल पूछने पर ही वे टूट गए। तीनों बच्चे शिवपुरा के सरकारी स्कूल में पढ़ते हैं और मध्यम परिवार से हैं। तीनों पिछले दो माह से चोरी कर रहे थे।
चाबी मांगकर खोलते थे बाइक का लॉक

डीएसपी हिमांशु ने बताया कि तीनों बच्चों को बाइक का लॉक तोड़ना नहीं आता। तीनों बाइक चुराने से पहले पास खड़े किसी भी व्यक्ति से यह बोलकर चाबी मांगते कि अंकल, मेरी बाइक की चाबी गिर गई, दो मिनट के लिए आपकी चाबी दे दो। जिस बाइक में चाबी लग गई, उसे खोलकर थोड़ी देर बाद चुराकर ले जाते थे।
पूछताछ में बताया कि तीनों बाइक से पेट्रोल खत्म होने पर उसे छोड़कर दूसरी बाइक चोरी कर लेते थे। वहीं, कोचिंग एरिया में खड़ी बाइकों से पेट्रोल भी चुराते थे।

6 बाइक बरामद
तीनों ने मंदिर के पास रामदेव जी की गली शिवपुरा में 6 बाइक छुपाई हुई थी। इन्होंने यह सभी बाइक किशोरपुरा, ओम सिने फ्लेक्स के बाहर, आरकेपुरम, हरियाली होटल कुन्हाड़ी, जीडीए सर्किल के पास से चोरी की थी।
सांकेतिक चित्र