हिना (आरोपी)
कोटा। अकाउंटेंट को दिन दहाड़े पिस्टल के बल पर अगवा कर 22.35 लाख रुपए लूटने की घटना ने सोमवार को पुलिस के होश उड़ा दिए। दोपहर एक बजे सूचना मिलते ही एक बारगी शहर का पूरा पुलिस अमला हरकत में आ गया। दो डीएसपी सहित तीन थानों की पुलिस वारदात के खुलासे में जुट गई।
अकाउंटेंट ने पूछताछ में रुपए निकालने का जो समय बताया वह बैंक के सीसीटीवी फुटेज से मैच नहीं कर रहा था। पुलिस ने सख्ती की तो अकाउंटेंट ज्ञानचंद जैन टूट गया। उसने प्रेमिका का मकान बनवाने के लिए लूट की फर्जी कहानी रची थी। छह घंटे की मशक्कत के बाद पुलिस ने वारदात खोलकर सारी रकम बरामद कर ली।
पुलिस को ये बताई थी कहानी
एएसपी राजन दुष्यंत ने बताया कि महावीर नगर विस्तार योजना निवासी ज्ञानचंद जैन ने पुलिस को 1 बजे सूचना दी कि उसके साथ लूट हुई है। उसने बताया कि वो घर से सुबह 10 बजे पत्थर मंडी के तीन व्यापारियों के पैसे देने के लिए निकला।
सुबह 10.15 बजे तलवंडी के एसबीबीजे बैंक से 13.35 लाख और आईएल गेट स्थित एसबीबीजे बैंक से 11.56 बजे 9.15 लाख रुपए निकलवाए। उसके बाद कार में दो बदमाश जबरन घुस गए और पिस्टल दिखाकर उसे एसएमएस रोड ट्रक यूनियन के पास ले गए और 22.35 लाख रुपए लूट लिए।
टाइम और ट्रैक मिस मैच हुए तो खुली वारदात
डीएसपी हिमांशु ने बताया कि बैंक की सीसीटीवी फुटेज की जांच की गई तो पता चला कि जैन तलवंडी से चलकर करीब 11 बजे आईएल स्थित बैंक शाखा पहुंचा। यानी जैन को आईएल तक आने में तकरीबन 46 मिनट लगे। पुलिस उसको साथ लेकर तलवंडी से आईएल गई तो यह दूरी 20 मिनट में तय हो गई।
दूसरा, शक कार खड़ी करने की दिशा पर हुआ, जो उसके बताए अनुसार नहीं थी। दो कड़ी मिलने के बाद पुलिस ने उसको बहकाया कि सीसीटीवी फुटेज में वो कार में अकेला दिख रहा है। इस पर उसने तुरंत बोल दिया कि बदमाशों ने गर्दन झुका ली थी। ऐसा बोलते ही शक पुख्ता हो गया। सख्ती बरतते ही उसने वारदात कबूल ली। यह पूरी रकम भी तीन व्यापारियों की थी। जिसमें उसका जीजा और साले भी शामिल थे।
प्रेमिका को विज्ञान नगर में दिए 11.35 लाख
अनंतपुरा सीआई अमर सिंह ने बताया कि जनवरी 2013 से जैन का अफेयर ब्लू बॉम्बे योजना निवासी हिना से चल रहा था। हिना ने मकान बनवाने की जिद पकड़ रखी थी। इसके लिए हिना ने प्रॉपर्टी डीलर को एडवांस भी दिया था।
अब उसे कुछ दिनों में ही 15 लाख रुपए चाहिए थे। इसलिए ज्ञानचंद जैन ने प्लानिंग से पहले तलवंडी से 13.35 लाख रुपए निकलवाए। इसमें से 11 लाख कुन्हाड़ी स्थित अपने ऑफिस में रखे। उसके बाद वो आईएल बैंक में गया, जहां से 9.15 निकाले।
इसके बाद 15 हजार उसने अपनी जेब में रखे और बाकी 11.35 लाख रुपए उसने प्रेमिका हिना को विज्ञान नगर फ्लाईओवर पर दे दिए। घटना खोलने में डीएसपी तेज सिंह, कुन्हाड़ी सीआई राजेश
सोनी, भीमगंजमंडी सीआई हरीश भारती सहित 10 पुलिसकर्मी शामिल रहे।
आगे की स्लाइड में आरोपी की तस्वीर और बरामद की गई रकम...