कोटा. कुन्हाड़ी पंचवटी कॉलोनी में शनिवार रात को रिटायर्ड एक्सईएन की पत्नी का मंगलसूत्र लेकर भाग रहे तीन बदमाशों में से एक को बीटेक स्टूडेंट्स ने पकड़ लिया। उसे पुलिस को सौंप दिया। पुलिस ने उसे गिरफ्तार कर उसके साथियों का पता लगा लिया।
पीडब्ल्यूडी के रिटायर्ड एक्सईएन दिनेश शंकर श्रीवास्तव की पत्नी सरोज (56) कुन्हाड़ी में हो रहे नवरात्र उत्सव से दर्शन करके लौट रही थीं। घर के पास ही दो बदमाश अचानक आए और उन्होंने उनका गला पकड़ कर मंगलसूत्र तोड़ लिया। उसके बाद उन्होंने आवाज करने पर चाकू मारने की धमकी दी।
अचानक घटित हुई घटना से महिला बुरी तरह से घबरा गईं। जैसे ही बदमाश भागने लगे तो वे जोर से मदद के लिए चिल्लाईं । उनकी आवाज सुनकर सामने से बाइक पर आ रहे दो बीटेक स्टूडेंट्स उनके पास पहुंचे। वारदात का पता चलते ही दोनों बाइक से उस तरफ गए, जिधर बदमाश भागे थे। कुछ दूरी पर एक गली में अंदर गए तो वे बदमाश बाइक छोड़कर भागते हुए दिखाई दिए।
इसके बाद वे उनके पीछे भागे, दो बदमाश तो भाग निकले, लेकिन एक बदमाश बजरंगपुरा निवासी आलोक श्रीवास्तव (22) गलत रास्ते से कीचड़ में कूद गया। दोनों दोस्तों ने उसे पकड़ लिया। उन्होंने मिलकर उसे निकाला और अन्य लोगों मदद से उसे पुलिस को सौंप दिया।
एसएचओ राजेश
सोनी ने बताया कि आलोक को गिरफ्तार कर लिया है। उसके दोनों साथियों अजय और लोकेश की तलाश के लिए संभावित ठिकानों पर दबिश दी जा रही है। बाइक अजय की है और वह नए कोटा में किसी पंप पर सफाईकर्मी है। उनके पकड़ में आने के बाद कई वारदातें खुल सकती हैं।
आंटी ने रोते हुए कहा और हम दौड़ पड़े
' हम गली से आ रहे थे तो दो जने भागते हुए आ रहे थे, फिर वे बाइक पर बैठे। उसके बाद आंटी के पास गए तो उन्होंने रोते हुए वारदात के बारे में बताया। इस पर माजरा समझ में आ गया। हमने ने एक पल की भी देर नहीं की और उनके पीछे बाइक लेकर लग गए। अगली गली के छोर पर वे भागते हुए दिखाई दिए। दो तो भाग गए, लेकिन एक झाड़ियों से भागते हुए कीचड़ में कूद गया। उसको वहां जाकर दबोच लिया और अन्य लोगों को बुला लिया।'
- बीटेक स्टूडेंट्स (दोनों छात्र अपनी पहचान उजागर नहीं करना चाहते।)