कोटा. गुमानपुरा थाने के कांस्टेबल को दो बच्चों के साथ मारपीट कर पैसे छीन रहे लड़के को रोकना उस समय भारी पड़ गया, जब लड़के ने अपने पिता और हैड कांस्टेबल बुआ को बुला लिया। उन तीनों ने कांस्टेबल के साथ हाथापाई और मारपीट कर डाली।
वह बचकर नयापुरा थाने पहुंचा तो वे वहां भी पहुंच गए और थाने में मारपीट की। पुलिस ने कांस्टेबल की रिपोर्ट पर तीनों के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है। इस दौरान महिला हैड कांस्टेबल की तबीयत भी बिगड़ गई। उसे एमबीएस अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
कांस्टेबल इश्तियाक ने बताया कि वह नयापुरा से पुलिस लाइन घर की तरफ जा रहा था। स्कूटी पर सवार दो बच्चों ने उसकी बाइक को टक्कर मार दी। वह उनसे नाम-पते ही पूछा रहा था कि पल्सर बाइक पर सवार एक लड़का आया। उसने उन दोनों लड़कों को पकड़ा और उनकी जेब से पैसे निकाल लिए। जब उससे पूछा कि ऐसा क्यों कर रहा है तो उसका कहना था कि उन लड़कों ने उसकी पल्सर को दो तीन पहले टक्कर मारी थी, तब से वह उन्हें तलाश रहा था।
उसका कहना था कि उसका 3 हजार का नुकसान हुआ। इस पर कांस्टेबल ने उससे कहा कि नयापुरा थाने चलो, वहीं दोनों के परिजनों को बुलाकर बात कर लेंगे। इसी बात पर उनकी कहासुनी हो गई। उस लड़के ने फोन कर अपने पिता किशन सिंह व ग्रामीण पुलिस की हैडकांस्टेबल रिसाल सिंह को बुला लिया। वे कांस्टेबल के साथ मारपीट पर उतारू हो गए।
वहां मौजूद लोगों ने बीच-बचाव किया। उसके बाद कांस्टेबल नयापुरा थाने आ गया। वे तीनों वहां भी आ गए और हंगामा करने लगे। वहां भी उन तीनों ने मारपीट की। पुलिस कर्मियों ने बीच-बचाव कर अलग किया। नयापुरा सीआई रामखिलाड़ी मीणा ने बताया कि कांस्टेबल की रिपोर्ट पर तीनों के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है और किशन सिंह को शांतिभंग में गिरफ्तार किया।
वहीं हैडकांस्टेबल का आरोप है कि वे कांस्टेबल इश्तियाक के खिलाफ सीआई को रिपोर्ट देने गई तो सीआई ने मारपीट की और धक्का दे दिया। एक महिला कांस्टेबल ने भी हाथापाई की। सीआई रामखिलाड़ी का कहना है कि जब कांस्टेबल इश्तियाक ने मामला दर्ज करवाने की बात कही तो हैडकांस्टेबल नाटक करने लगी। वे मारपीट व धक्का देने के गलत आरोप लगा रही है।
आगे की स्लाइड में आरोपी हैड कांस्टेबल बुआ