पाएं अपने शहर की ताज़ा ख़बरें और फ्री ई-पेपर

डाउनलोड करें

चावला सर्किल के पास अतिक्रमण कर रखीं गुमटियां हटाईं तो भड़के लोग

7 वर्ष पहले
  • कॉपी लिंक
कोटा। आरके पुरम क्षेत्र में कल्पना चावला सर्किल के आसपास लगी गुमटियों पर शुक्रवार को यूआईटी ने जेसीबी मशीन चला दी। बिना किसी सूचना और नोटिस के अचानक की गई कार्रवाई से खफा लोगों ने पथराव कर दिया। जिसके बाद यूआईटी जाब्ता लौट गया। इसके बाद दुकानदारों ने वहां पर जाम लगा दिया। जिसे स्थानीय पार्षद व पुलिस ने समझाइश के बाद खुलवाया।

चावला सर्किल के आसपास पिछले कुछ समय से गुमटियां लग रही थी। देखते-देखते पूरा बाजार बस गया था। जिससे ट्रैफिक बाधित हो रहा था। किसी ने इसकी शिकायत सुगम में की, तो शुक्रवार को यूआईटी का लवाजमा वहां पहुंचा तो कुछ ही मिनटों में सारी गुमटियों को तहस नहस कर दिया।

दुकानदारों का कहना था कि यदि अतिक्रमण हटाना था तो पहले सूचना अथवा नोटिस देना चाहिए था। मोहलत देते तो कम से कम दुकानों में सामान तो निकाल लेते। टूटती दुकानों को देखकर दुकानदारों का आक्रोश फूट पड़ा। अंत में कुछ लोगों ने जाब्ते पर पथराव कर दिया।
इसके बाद सभी लोग वहीं चौराहे पर जाम लगाकर बैठ गए। उनकी मांग थी कि यूआईटी ने द्वेषतापूर्वक कार्रवाई की है। काफी देर तक जब दुकानदार नहीं हटे तो महावीर नगर पुलिस व पार्षद राखी गौतम भी वहां पहुंची। उन्होंने आश्वासन दिया कि इस संबंध में शनिवार को कलेक्टर से मुलाकात कर शिकायत दी जाएगी।