कोटा. रसायन एवं उर्वरक राज्यमंत्री निहालचंद मेघवाल ने कहा कि राजस्थान के किसानों की जरूरत को देखते हुए इस बार केन्द्र सरकार किसानों को एक लाख मीट्रिक टन यूरिया ज्यादा उपलब्ध कराएगी। हमारी यह कोशिश रहेगी की किसानों को यूरिया के लिए कतारों में नहीं लगना पड़े। उन्होंने कहा कि केंद्र सरकार किसानों की समस्या को समझती है और उन्हें दूर किया जाएगा।
कृषि मंत्री प्रभुलाल सैनी ने बताया कि अभी प्रदेश में 97 लाख हैक्टेयर कृषि भूमि पर रबी की फसल हो रही है। किसानों को 12 लाख मीट्रिक टन यूरिया उपलब्ध करवाया जा रहा है। अब यह बढ़कर 13 लाख मीट्रिक टन हो जाएगा। बीकानेर में इसी माह जैतून की रिफाइनरी प्रोजेक्ट शुरू होने की संभावना है।
दुबई की तर्ज पर खुलेगा ऊंट रिसर्च एवं ब्रीडिंग सेंटर
दुबई की तर्ज पर प्रदेश के राज्य पशु ऊंट पर रिसर्च एवं ब्रीडिंग सेंटर खोलने की तैयारी है। झालावाड़ जिले की दूध डेयरी का पीपीपी मोड पर जल्द विकास शुरू होगा। दूध की गुणवत्ता बढ़ाने के लिए प्रदेश व जिला स्तर पर 42 प्रकार की जांचे शुरू होगी।
पर्दा लगा देता हूं, फोटो अच्छी आनी चाहिए
डीसीएम गेस्ट हाउस में सोमवार को केंद्रीय मंत्री निहालचंद और प्रदेश के कृषि मंत्री प्रभुलाल सैनी ने अधिकारियों की बैठक ली। वहां मीडियाकर्मी भी मौजूद थे। जिस स्थान पर दोनों मंत्री बैठे थे, वहां पीछे से सूरज की रोशनी आ रही थी।
जैसे ही एक मीडियाकर्मी ने रोशनी के कारण फोटो ठीक नहीं आने की बात कही तो कृषि मंत्री सारी बात समझ गए। उन्होंने कहा भैया, पर्दा तो मैं लगा देता हूं, बस फोटो अच्छी आनी चाहिए। सैनी ने पर्दा लगाया तो केंद्रीय मंत्री ने भी उनका सहयोग किया।
फर्टीलाइजर कंपनियां सितंबर तक टारगेट पूरा करें
दोनों मंत्रियों ने प्रदेश की फर्टीलाइजर कंपनियों एवं अधिकारियों की बैठक ली। जिसमें डीसीएम श्रीराम,
आईपीएल कंपनियों का टारगेट पूरा निकला। सीएफसीएल व अन्य फर्टिलाइजर कंपनियों का टारगेट अधूरा था। मंत्री सैनी ने इन्हें सितंबर माह में ही टारगेट पूरा करने के निर्देश दिए एवं प्रदेश के को-ऑपरेटिव सेक्टर में 2 लाख टन का एडवांस स्टॉक रखने को कहा।
ये दो प्रमुख मुद्दे उठे बैठक में
मुद्दा- सीएडी परियोजना निदेशक बलवंत सिंह ने समस्या रखी कि यूरिया उतारने के लिए रेलवे कोटा व बूंदी में अक्टूबर तक तो दो ट्रैक की अनुमति देता है इसके बाद नहीं देता।
जवाब-कृषि आयुक्त कुलदीप राका ने कहा कि डीआरएम ने 2005 के निर्देश निकाले हैं। रेलवे से बात चल रही है, जल्द समाधान होगा।
मुद्दा-आईपीएल फर्टिलाइजर सीधे को-ऑपरेटिव सेक्टर को यूरिया सप्लाई करके गलत कर रही है। जबकि, उसे सरकार के माध्यम से सप्लाई करनी चाहिए।
जवाब-सवाईमाधोपुर में चल रहे इस मामले पर मंत्री सैनी ने अतिरिक्त आयुक्त कृषि एचएल मीणा को तुरंत जांच के निर्देश देकर वास्तविकता बताने को कहा।