कोटा. शादी कराने के नाम पर लोगों को जाल में फंसाकर ठगी करने वाले एक अंतरराज्यीय गिरोह का पुलिस ने पर्दाफाश किया है। गिरोह की महिला सरगना एवं इसमें शामिल दो लड़कियों व दो लोगों को गुरुवार देर रात गिरफ्तार किया था। गिरफ्तार आरोपियों को शुक्रवार को कोर्ट में पेश किया, जहां से उन्हें 3 दिन के रिमांड पर भेज दिया।
गिरोह में शामिल मध्यप्रदेश के इंदौर व सिंगोली (नीमच) के शातिरों ने स्थानीय लोगों के साथ मिलकर योजनाओं को अंजाम दिया है। पुलिस ने सिंगोली निवासी गिरोह की सरगना शांति देवी, इंदौर निवासी मराठा व भीलवाड़ा निवासी सुथार युवती, वेन चालक बेगूं (चित्तौडगढ़) निवासी हुसैन मोहम्मद, स्थानीय साथी सत्यनारायण वैष्णव को कोरमा गांव में स्थित इसके खेत से गुरुवार देर रात गिरफ्तार किया।
सीआई गोपीचंद मीणा ने बताया कि कार्रवाई को बूंदी एसपी तेजराजसिंह, एएसपी सुधीर जोशी, डीएसपी किशोरीलाल के नेतृत्व में अंजाम दिया गया। गिरोह गरीब परिवार, प्रोफेशनल कम उम्र की लड़कियों को लाकर एक से दो लाख रुपए लेकर अधेड़ उम्र के लोगों से शादी (नाते बैठा देता था) करा देता था।
ये लड़कियां उस व्यक्ति के साथ 10-15 दिन पत्नी बनकर रहती और बाद में मौका देखकर गिरोह की सरगना शांति बाई लड़कियों को वापस बुला लेती थी। फिर उन लड़कियों का दूसरी जगह सौदा कर दिया जाता था। सीआई मीणा के नेतृत्व में एसआई नारायणसिंह, एएसआई हरिराज सिंह सहित अन्य ने दबिश देकर गिरोह को पकड़ा।