हिंडौन सिटी/कंजोली/कोटा. गुर्जर आरक्षण संघर्ष समिति के संयोजक कर्नल किरोड़ी सिंह बैसला के आह्वान पर रविवार को गुर्जरों ने टोडाभीम के कटारा अजीज में महापड़ाव शुरू कर दिया। बैसला ने आरक्षण के मुद्दे पर रविवार को महापंचायत बुलाई थी।
महापड़ाव की घोषणा करने के साथ बैसला ने गुर्जरों से कहा कि वे घर के काम-धाम छोड़कर महापड़ाव में जमे रहे। बैसला ने फिलहाल एक रात और एक दिन के पड़ाव की घोषणा की है। आगे की रणनीति के बारे में यह कहते हुए स्पष्ट किया है कि उन्हें जयपुर से फोन आया है। अब सरकार के जवाब और उसके बाद बनने वाली परिस्थितियों पर निर्भर होगा।
बैसला ने कहा कि हम पिछड़े हुए हैं। चुनावी घोषणा पत्र में भाजपा ने वादा किया था कि गुर्जरों को पांच प्रतिशत आरक्षण दिया जाएगा और उसे नौवीं अनुसूची में भी डाला जाएगा। मौजूदा सरकार को इस मुद्दे का अब शीघ्र निस्तारण करना चाहिए।
उन्होंने समाज के लोगों की तरफ इशारा करते हुए बैसला ने कहा कि गुर्जर समाज इसी तरह संगठित रहें। उन्होंने कहा कि हम खत्म नहीं हुए हैं। हम जिंदा है। वी आर लाइव वायर (हम जिंदा बिजली के तार हैं)।