पाएं अपने शहर की ताज़ा ख़बरें और फ्री ई-पेपर

डाउनलोड करें
  • Hindi News
  • Increased Salaries, Rajasthan, Rajasthan News, Kota

भाई तनख्वाह बढ़ गई, अब तो काम करो

8 वर्ष पहले
  • कॉपी लिंक

कोटा । प्रभारीमंत्री अशोक बैरवा ने मंगलवार को हुई समीक्षा बैठक में नहीं आने पर अफसरों को फटकार लगाई। कहा, 'छठा वेतनमान लागू होने के बाद सैलरी बढ़ गई है, अब तो सरकारी काम करो' । बैठक आयोजन की जिम्मेदारी निभाने वाले सीपीओ हरगोविंद विजय को इंगित करते हुए उन्होंने कहा कि यह आपकी व्यवस्था है। अगली बैठक में वे सभी अधिकारी मौजूद होने चाहिए, जो यहां जवाब देने के लिए जिम्मेदार हैं। उन्होंने कहा कि बैठक में अधिकारी नहीं हैं, तो किससे जवाब मांगें।

कलेक्ट्रेट के टैगोर हॉल में सरकार की योजनाओं की समीक्षा करते हुए उन्होंने नरेगा में श्रमिकों से फार्म नंबर छह नहीं मांगने, वन विभाग व जलसंसाधन विभाग के कार्य नहीं कराने पर आपत्ति जताई। उन्होंने कहा कि इन विभागों के पास बहुत बजट आता है, इसलिए नरेगा की जिम्मेदारी नहीं लेना चाहते, यह गलत तरीका है। यही कारण है कि उनके यहां इस योजना में तीन व चार काम हुए हैं।

उन्होंने सीईओ जिला परिषद को नरेगा के प्रस्ताव भेजने में सुस्ती बरतने वाली सभी पंचायतों को 17 सीसी का नोटिस जारी करने का आदेश दिया। अधिकारियों से कहा कि उनके वेतन-भत्तों में सरकार ने आयोग के अनुसार वृद्धि कर दी है। अब उन्हें भी फ्लेगशिप योजनाओं को पूरा करने में सरकार का सहयोग करना चाहिए।

गंदा मिला वाशबेसिन, मंत्री ने प्रिंसिपल को दिया नोटिस
कोटात्न गुमानपुरा मल्टीपरपज स्कूल में छात्र-छात्राओं को टेबलेट पीसी के लिए चेक वितरित करने के बाद जब सामाजिक न्याय एवं अधिकारिता मंत्री बैरवा स्टाफ रूम में नाश्ता करने पहुंचे तो उन्हें वाशबेसिन और पूरा हाल गंदा मिला। इस पर वे प्रिंसीपल रमेश चन्द शर्मा व डीईओ माध्यमिक प्रभुलाल मीणा पर बिफर पड़े। मंत्री ने प्रिंसीपल को कारण बताओ नोटिस जारी करने के निर्देश दिए। शाम को डीईओ मीणा ने प्रिंसीपल शर्मा को राजकार्य में उदासीनता बरतने का नोटिस जारी कर दिया।

मंत्री ने प्रिंसीपल को फटकारते हुए कहा कि क्या व्यवस्था है? वाशबेसिन साफ नहीं रख सकते तो बच्चों को क्या सिखाओगे? जो सुविधाएं मिली हैं उन्हें तो संभाल नहीं सकते, ऊपर से दूसरी सुविधाओं की मांग करते रहते हो! इस पर डीईओ मीणा व प्रिंसीपल शर्मा सकपका गए। उन्हें कोई जवाब देते नहीं बना। बाद में मंत्री प्रिंसीपल का चैम्बर देखने पहुंचे, जब चैम्बर साफ-सुथरा मिला तो उन्होंने कहा, स्टाफ रूम का वाशबेसिन व हॉल इतना गंदा क्यों हैं? उन्होंने डीईओ मीणा को आदेश दिए कि प्रिंसीपल को कारण बताओ नोटिस दो, मैं शिक्षा मंत्री से बात करूंगा।

पेंशन शिविर में सुनी समस्याएं
राजकीय उच्च माध्यमिक विद्यालय गुमानपुरा में लगाए गए विशेष पेंशन महाभियान शिविर का मंगलवार को सामाजिक न्याय एवं अधिकारिता मंत्री तथा जिला प्रभारी मंत्री अशोक बैरवा ने अवलोकन किया। इस दौरान उन्होंने शिविर में लोगों की समस्याएं सुनीं। बैरवा ने शिविर में सभी काउंटरों पर जाकर संबंधित अधिकारियों से बातचीत की। अफसरों ने बताया कि पेंशन के आवेदन पत्रों का सरलीकरण किया गया है। शिविर में 55 वर्ष की महिला व 58 वर्ष के पुरुषों के आवेदन स्वीकार किए जा रहे हैं। निगम आयुक्तभवानी सिंह पालावत ने बताया कि शिविर में 400 से अधिक आवेदन प्राप्त हुए।

पूर्व प्रधानमंत्री का सपना साकार करें बच्चे: बैरवा
कोटात्न राजीव गांधी डिजिटल विद्यार्थी योजना के तहत मंगलवार को गुमानपुरा मल्टीपरपज स्कूल परिसर में शहर के 10 स्कूलों के आठवीं कक्षा में 2 से 11वें स्थान पर रहे छात्रों को मुख्यमंत्री के बधाई संदेश के साथ टेबलेट पीसी के लिए छह-छह हजार रुपए के चेक दिए गए। वहीं आठवीं के टॉपर्स को बधाई संदेश दिए गए।

मुख्य समारोह में प्रभारी मंत्री एवं सामाजिक अधिकारिता मंत्री अशोक बैरवा समेत अन्य अतिथियों ने 94 छात्र-छात्राओं को चेक दिए। समारोह में मंत्री बैरवा ने कहा कि सरकार ऐसी योजनाएं लाकर बच्चों को सुनहरा भविष्य दे रही है। बच्चे इस पैसे से टेबलेट पीसी खरीद कर पूर्व प्रधानमंत्री राजीव गांधी का सपना साकार करें।

सांसद इज्यराजसिंह ने छात्रों से कहा कि चेक से टेबलेट पीसी ही खरीदें। समारोह में यूआईटी चेयरमैन रविंद्र त्यागी, जिला परिषद सीईओ पीसी पवन, डिप्टी डायरेक्टर (माध्यमिक) मोहनलाल बैदाड़ा, उपजिला प्रमुख रेखा शर्मा, डीईओ रश्मि शर्मा (प्रारंभिक) सहित अन्य मौजूद रहे। अंत में कलेक्टर जोगाराम ने धन्यवाद ज्ञापित किया।

संबोधन में चुनावी स्टंट: मंत्री बैरवा ने कहा कि एक जुलाई से सभी सामुदायिक स्वास्थ्य केन्द्रों पर रोगियों के लिए निशुल्क जांच शुरू होगी। एसबीसी की तरह आर्थिक पिछड़े वर्ग के लिए 200 करोड़ रुपए की योजना बनाई गई है। सवर्ण पिछड़े वर्ग को इससे राहत मिलेगी।