पाएं अपने शहर की ताज़ा ख़बरें और फ्री ई-पेपर

डाउनलोड करें
  • Hindi News
  • शहर में सफाई के लिए सामने आए कई संगठन, जगह जगह किया श्रमदान

शहर में सफाई के लिए सामने आए कई संगठन, जगह-जगह किया श्रमदान

7 वर्ष पहले
  • कॉपी लिंक
कोटा। शहर में गंदगी से अटे पड़े मुक्तिधाम और कब्रिस्तान में रविवार को इलाके के लोगों ने श्रमदान किया। इस दौरान लोगों ने यहां लगी झाड़ियों को काटा और यहां फैला कचरा भी दूसरे स्थानों पर फेंका। कालातालाब और रंगबाड़ी मुक्तिधाम और नयापुरा कब्रिस्तान में किए गए इस श्रमदान के बाद यह स्थान साफ दिखने लगे हैं।

तीन माह से नहीं हुई थी सफाई, लोग हो रहे थे परेशान : नवयुवक मंडल के करीब 50 से 60 सदस्य सुबह 8 बजे सुभाष नगर पत्थर मंडी के पास स्थित रंगबाड़ी मुक्तिधाम पर पहुंचे। यहां उन्होंने श्रमदान कर मुक्तिधाम पर गंदी पड़ी बैठने की जगह से कचरा साफ किया और पानी से पूरा परिसर धोया। इसके बाद कंटीली झाड़ियां काटी और कचरा उठाकर बाहर फेंका। करीब साढ़े तीन घंटे तक लोगों ने वहां श्रमदान किया। इसी दौरान वार्ड के पार्षद आरडी वर्मा का सदस्यों ने स्वागत भी किया। अध्यक्ष दिनेश खटीक ने बताया कि इस मुक्तिधाम पर करीब 3 महीने से कोई सफाई नहीं हुई थी। वहां अंतिम संस्कार के लिए आने वाले लोगों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा था। इसी को देखते हुए यह श्रमदान किया गया। अब जल्द ही इसके बाहर की सफाई के लिए भी श्रमदान किया जाएगा।

बावड़ी में किया श्रमदान

भारतीय युवा उत्थान संस्थान ने देहित गांव तेजाजी महाराज की बावड़ी में श्रमदान किया। अध्यक्ष सुरेश मेघवाल ने बताया कि बावड़ी से गंदगी और कचरे को साफ किया गया। इससे उसका पानी भी साफ हुआ। उन्होंने लोगों से यहां कचरा नहीं डालने की अपील की है। श्रमदान करने वालों में सुरेंद्र मेघवाल, सुरेश, मनोज, जीतेंद्र, दिनेश शामिल थे।
एक ट्रक कचरा निकाला काला तालाब मुक्तिधाम से

पीपली वाले हनुमान मंदिर नवयुवक मंडल के सदस्यों ने काला तालाब पुरोहितजी की टापरी मुक्तिधाम पर 5:30 घंटे श्रमदान किया। अध्यक्ष अजय त्रिवेदी के अनुसार यहां से एक ट्रक कचरा भरवाकर फेंका गया और अभी भी यहां एक ट्रक कचरा और पड़ा हुआ है। इसके अलावा काफी सारी झाड़ियां भी काटी गई हैं, जिसे हटाया नहीं गया है। उन्होंने बताया कि मुक्तिधाम की बहुत बुरी हालत है और यहां आसपास के वार्डों का कचरा भी डाला जाता है। इसके चलते लोगों को संस्कार करने जाने में मुश्किलें उठानी पड़ती है। मंडल की तरफ से निर्णय लिया गया है कि वे हर 15 दिन में मुक्तिधाम की सफाई करेंगे।

हर रविवार को साफ करेंगे कब्रिस्तान

नौजवान कमेटी की ओर से नयापुरा स्थित कब्रिस्तान में श्रमदान किया गया। इसमें लाडपुरा, करबला, नयापुरा और पुलिस लाइन तक के लोगों ने शिरकत की। इस दौरान यहां उग रहे बबूल के पेड़ों व कंटीले झाड़ियों को हटाया। अब्दुल कलीम मंटू ने बताया कि यहां दीवार टूटी पड़ी है। बड़े-बड़े गड्ढे हो रहे हैं। गंदा पानी बह रहा है। इससे वहां काफी बदबू रहती है। पहले दिन श्रमदान से कब्रिस्तान के हालत सुधरे हैं। कमेटी के सदस्यों ने निर्णय किया है कि वे हर रविवार को सुबह 10 बजे से श्रमदान करेंगे। श्रमदान करने वालों में परवेज, मुन्ना, अल्ताफ हुसैन, शाकिर, ताहिर, रऊफ, लइक अरशद आदि शामिल थे।
जेके लोन व एमबीएस अस्पताल में किया श्रमदान
युवा संकल्प संस्था की ओर से रविवार को सफाई अभियान जेकेलोन अस्पताल में किया गया। इस दौरान सुबह सात से 9 बजे तक सफाई की गई। संस्था के सुरेश नागर और अंकित खंडेलवाल ने बताया कि हर रविवार सवेरे 6 से 9 बजे तक संस्था के सदस्यों द्वारा अभियान चलाया जाएगा। संस्था के नूर आलम अशोक नागर, लोकेश खंडेलवाल, यादराज रायका, महेंद्र भाटी आदि ने अस्पताल परिसर में सफाई की और लोगों को परिसर में कचरा नहीं करने के लिए समझाइश की।