पाएं अपने शहर की ताज़ा ख़बरें और फ्री ई-पेपर

डाउनलोड करें
  • Hindi News
  • बैठक में दो घंटे लेट पहुंचे मंत्री, भड़के विधायक ने सुनाई खरी खोटी

बैठक में दो घंटे लेट पहुंचे मंत्री, भड़के विधायक ने सुनाई खरी-खोटी, पढ़ें क्या कहा

7 वर्ष पहले
  • कॉपी लिंक
कोटा। संभाग स्तरीय बैठक में जलदाय विभाग मंत्री किरण माहेश्वरी और परिवहन राज्य मंत्री बाबूलाल वर्मा के 2 घंटे 20 मिनट देरी से पहुंचने पर विधायक भवानीसिंह राजावत गुस्सा गए। दोनों मंत्रियों को जमकर खरी-खोटी सुनाई। हालांकि इस दौरान दोनों मंत्री राजावत को शांत करने की कोशिश करते रहे।

संभाग में पानी की समस्या को लेकर मंत्री माहेश्वरी ने गुरुवार सुबह 11 बजे बैठक बुलाई थी। प्रभारी मंत्री बाबूलाल वर्मा को भी इसमें शामिल होना था। विधायक और अधिकारी तो समय पर पहुंच गए, लेकिन इस दौरान दोनों मंत्री हिंडौली के गांव रैबारपुरा में फ्लोराइड युक्त पानी की समस्या देखने चले गए। वहां से लौटकर दोनों जैसे ही दोपहर 1.20 बजे बैठक में पहुंचे तो राजावत गुस्सा गए।
एक मिनट तक बिफरे रहे विधायक राजावत
राजावत- मैं 2 घंटे से इंतजार कर रहा हूं, आपको या तो टाइम नहीं देना चाहिए था। आप 11 बजे का टाइम देकर बूंदी चले जाएं और हम बेवकूफ की तरह इतने एमएलए बैठे रहें।
(किरण माहेश्वरी कुछ बोलने की कोशिश करती हैं।)
राजावत- आप अपनी आदत सुधार लें, यह ठीक नहीं है। यह अपमान है सभी एमएलए का।
(बाबूलाल वर्मा कुछ बोलने लगे तो उनकी ओर मुखातिब होकर राजावत ने टाेका )
राजावत- आप बाबूलाल जी, आपने क्यूं बुलाया बूंदी, जब यहां इंपोर्टेंट मीटिंग का टाइम था।
किरण माहेश्वरी- राजावत जी शांति।
राजावत- यह कैसी शांति, मुख्यमंत्री जी भी टाइम पर मीटिंग में जाती हैं, सभी का सम्मान करती हैं, कभी लेट नहीं होती।
संगीता माहेश्वरी- जनता प्यासी है, क्या मंत्री उनकाे देखने नहीं जाएं?
राजावत- (गुस्से में उंगली दिखाते) कोई जरूरत नहीं है संगीता तुम्हें बीच में बोलने की।
(मंत्री माहेश्वरी व वर्मा ने भी संगीता को रोका)
राजावत- अर्जी-फर्जी लोगों के कहने पर आप कहीं भी चली जाएंगी।
मंत्री वर्मा- भवानीसिंह जी आप शांत हो जाइए, इसमें मैं निवेदन करना चाहता हूं?
राजावत- (बीच में बात काटते हुए) यह क्या बात हैै, हमें डेढ़ बजे का टाइम दे देते, ऐसी क्या आफत आ गई थी, आप मीटिंग के बाद भी जा सकते थे।
अंत में दोनों मंत्रियों ने कहा- आप भी शांत हो जाए, अब बैठक शुरू करते हैं। इसके बाद बैठक में पानी के मुद्दों पर चर्चा हुई।
रैबारपुरा में लेट हो गई थीं मंत्री

हिंडौली के रैबारपुरा गांव में फ्लोराइड युक्त पानी की बड़ी समस्या है। इसकी शिकायत मिलने पर सुबह पौने नौ बजे मंत्री किरण माहेश्वरी वहां के लिए रवाना हो गईं। वहां उन्हें ज्यादा समय लग गया। एक जगह मंत्री बाबूलाल वर्मा भी उन्हें पानी की समस्या दिखाने के लिए ले गए। इसी वजह से वे दोपहर एक बजे बाद कोटा की बैठक में पहुंच पाईं।
बातों में फ्रस्ट्रेशन झलक रहा था

'रैबारपुरा में लोग फ्लोराइडयुक्त पानी पी रहे हैं, इसे देखने गए थी। मैं कोई घूमने या पार्टी करने नहीं गई थी। राजावत जी तो स्वयं देर से बैठक में पहुंचे थे। उनकी बातों से उनका फ्रस्ट्रेशन झलक रहा था, क्यों फ्रस्ट्रेशन में हैं, ये तो वे ही जानें। मैंने सभी को टेलीफोन से देरी से आने के बारे में भी सूचित करवा दिया था।'-किरण माहेश्वरी, जलदाय मंत्री
यह तो विधायकों का अपमान है
'मंत्री को जाना था तो बैठक का समय बदल देते, विधायक व अधिकारी बैठक में बैठे हैं और वे संगीता माहेश्वरी नाम की महिला के कहने पर बूंदी जिले के गांव में चली गई। यह तो हमारा अपमान है। बैठक में आने में पांच मिनट देर होने पर विधायक को 500 रुपए व मुख्यमंत्री को एक हजार का जुर्माना देना होता है। यहां तो विधायकों की कोई वैल्यू ही नहीं समझी गई।' -भवानीसिंह राजावत, विधायक
(फोटो- किरण माहेश्वरी ने राजावत से शांत होने की अपील की, तो वे और नाराज हो गए, बोले- यह विधायकों का अपमान है)