कोटा। जीआरपी व भीमगंजमंडी पुलिस के क्षेत्राधिकार विवाद में शुक्रवार को एक महिला का शव रेलवे स्टेशन के एस्कलेटर के पास छह घंटे तक लावारिस हालात में पड़ा रहा। इसके बाद भीमगंजमंडी पुलिस ने शव को एमबीएस अस्पताल के पोस्टमार्टम रूम रखवाया।
रेलवे प्लेटफॉर्म के पास लगे एस्कलेटर के नीचे शुक्रवार सुबह लगभग 5.30 बजे एक अज्ञात महिला की मौत हो गई। मृतका की उम्र लगभग 52 वर्ष है। इस मामले की सूचना ड्यूटी पर तैनात स्टेशन मास्टर ने लगभग 9 बजे जीआरपी को दी। जीआरपी से मौके पर पहुंचे कांस्टेबल महावीर ने जब मामला जीआरपी थाना क्षेत्र का होना नहीं पाया तो थाने पर जाकर सूचना दी।
थाने से फिर स्टेशन मास्टर को सूचना दी गई कि मामला भीमगंजमंडी के थाना क्षेत्र का है। ऐसे में भीमगंजमंडी थाने को भी रेलवे की ओर से सूचना दी गई। लेकिन जब महिला का शव दोपहर सवा बारह बजे तक पोस्टमार्टम रूम तक नहीं पहुंचाया गया, तो लोगों ने भीमगंजमंडी सीआई हरीश भारती को सूचना दी।
सूचना पर उन्होंने एसआई विजय बहादुर सिंह को मौके पर भेजा साथ ही कुछ ही देर में वे भी वहां पहुंच गए। इस बीच ही जीआरपी के हैड कांस्टेबल उम्मेद सिंह जब वहां से निकले तो सीआई भारती व उम्मेदसिंह के बीच क्षेत्राधिकार को लेकर चर्चा भी हुई। तब कहीं जाकर भीमगंजमंडी पुलिस ने शव को एमबीएस अस्पताल पहुंचाया।
जीआरपी के हैड कांस्टेबल उम्मेदसिंह ने बताया कि जहां महिला का शव था वो क्षेत्र भीमगंजमंडी थाने के क्षेत्राधिकार का ही है। शव पड़े होने के बारे में सूचना भीमगंजमंडी को दी गई थी।
आगे की स्लाइडों पर देखें पूछताछ करते पुलिसवालों और मामले से जुड़ीं अन्य और तस्वीरों को