कोटा। संतोषी नगर क्षेत्र में शराब के 4 ठेकों से परेशान महिलाएं उनके खिलाफ शुक्रवार को सड़क पर उतर आईं और जाम लगा दिया। महिलाओं का कहना था कि जब से यहां पर मुख्य सड़क के दोनों तरफ ठेके खुले हैं तब से शांति व्यवस्था भंग हो गई है, ऐसे में जब तक इन ठेकों को नहीं हटाया जाता वे सड़क पर ही धरना देकर बैठी रहेंगी।
संतोषी नगर क्षेत्र में इस सत्र में चार शराब के ठेके आवंटित किए गए। ये ठेके मुख्य रोड पर दोनों तरफ खुले हुए हैं। लोग यही खड़े होकर शराब पीते रहते हैं। यहां से गुजरने वाली महिलाओं के साथ छेड़छाड़ और अश्लील फब्तियां कसना तो आम बात हो गई।
छेड़छाड़ को लेकर पिछले दिनों दो बार झगड़े भी हो चुके हैं। गुरुवार को भी एक व्यक्ति द्वारा नशे की हालत में अश्लील हरकत की गई। इससे नाराज महिलाओं ने गुरुवार की रात को ही सिंघाड़ा पार्क में बैठक की। जिसमें सर्वसम्मति से निर्णय लिया गया कि सारे विवादों की जड़ इन राब ठेकों को हटवाने के लिए आंदोलन किया जाएगा।शुक्रवार का तो महिलाएं सुबह से ही सड़क पर ही उतर आईं।
महिलाओं ने ठेके को हटाने की मांग करते हुए जाम लगा दिया। काफी देर तक जाम के कारण लोग परेशान होने लगे तो पुलिस अधिकारी मौके पर पहुंच गए। महिलाओं ने जाम हटाने से साफ इंकार करते हुए कहा कि जब तक ठेके नहीं हटेंगे तब तक जाम भी नहीं हटेगा। एएसपी राजन दुष्यंत ने उन्हें 3 दिन में इस मामले में कार्रवाई करने का आश्वासन दिया। इसके बाद जाकर महिलाओं ने जाम हटाया।
शाम को खुल गई दुकानें
सुबह विरोध के कारण और पुलिस के हस्तक्षेप पर शराब ठेकेदारों ने उस समय तो दुकानें बंद कर दी। पुलिस ने भी आगामी कार्रवाई तक दुकानें नहीं खुलने की बात कहीं थी, लेकिन शाम को वापस चारों दुकानें खुल गई। इससे महिलाओं में फिर आक्रोश व्याप्त हो गया। महिलाओं का कहना है कि यदि सुबह फिर दुकानें खुली तो वे जाम लगा देंगी।
आगे की स्लाइडों में शराब ठेके को लेकर उग्र हुईं महिलाओं के तेवरों को देखिए