कोटा। वर्धमान महावीर खुला विश्वविद्यालय की ओर से रविवार को हुई सर्टिफिकेट कोर्स इन इंफॉर्मेशन टेक्नोलॉजी (आरकेसीएल-आरएस-सीआईटी) कंप्यूटर परीक्षा अव्यवस्था का शिकार रही। कोटा के पीपल्दा सेंटर में चार छात्र ओएमआर शीट व हस्ताक्षर शीट ले भागे।
जयपुर के एक सेंटर पर नकल के प्रकरण पर परीक्षा निरस्त कर दी गई। सरकारी नौकरी में इस परीक्षा की अनिवार्यता के चलते प्रदेश में पहली बार तहसील स्तर पर रविवार को दोपहर 1 से 2 बजे तक परीक्षा हुई। तीन महीने के इस सर्टिफिकेट को सरकार ने मान्यता दी है। परीक्षा में 35 ऑब्जेक्टिव प्रश्न पूछे गए हैं। पीपल्दा. राजकीय संस्कृत स्कूल के केंद्र पर चार परीक्षार्थी अपनी ओएमआर शीट व हस्ताक्षर शीट कमरे से लेकर भाग गए।
केंद्राधीक्षक ने इनके रोल नंबर 372729,372730,372731 और 372732 बताए हैं। केंद्राधीक्षक परमानंद मीणा ने बताया की संबंधित परीक्षार्थियों के खिलाफ कार्यवाही करने के लिए परीक्षा प्रभारी के माध्यम से इटावा थानाधिकारी को शिकायत दे दी है।
प्रश्न पत्र व ओएमआरशीट अलग-अलग नंबरों की
शहर के परीक्षा केंद्र कॅरियर पाइंट रोड नंबर दो के कमरा नंबर 403 के छात्र कुन्हाड़ी निवासी अंकितसिंह व दलपतसिंह ने बताया कि प्रश्न-पत्र व ओएमआर शीट अलग-अलग दी गई। आधे घंटे बाद इसे बदलकर दूसरी ओएमआरशीट दी गई। जिसे भरने में 15 मिनट का समय लग गया। इससे उन्हें दिक्कतें हुई हैं।
परीक्षा निरस्त, तिथि जल्द होगी घोषित
जयपुर के परीक्षा केंद्र राजस्थान साधना सीनियर सेकंडरी पब्लिक स्कूल-45 विष्णु विहार कॉलोनी जगतपुरा में नकल के प्रकरण के चलते परीक्षा स्थगित कर दी है। परीक्षा की तिथि शीघ्र घोषित की जाएगी।
पहली बार तहसील स्तर पर यह परीक्षा प्रदेश के 1100 केंद्रों में हुई है। तीन लाख तीन हजार परीक्षार्थियों ने यह परीक्षा दी है। परीक्षा के लिए 3 हजार अधिकारी एवं कर्मचारियों को लगाया हैं। जयपुर में नकल के प्रकरण के चलते परीक्षा निरस्त कर दी है। ओएमआरशीट ले जाने के मामले में थाने में रिपोर्ट दर्ज होगी।
सोहनलाल शर्मा, परीक्षा नियंत्रक वर्धमान महावीर खुला विश्वविद्यालय कोटा