पाएं अपने शहर की ताज़ा ख़बरें और फ्री ई-पेपर

डाउनलोड करें

युवाओं को सेना में भर्ती होने का मौका, 19 से होगी शुरुआत

8 वर्ष पहले
  • कॉपी लिंक
कोटा। हाड़ौती के युवाओं के लिए सेना की भर्ती रैली 19 मई से झालावाड़ के पुलिस ग्राउंड में होगी। 26 मई तक चलने वाली भर्ती में कोटा, बारां, झालावाड़ व बूंदी के युवाओं को ही शामिल किया जाएगा। इसके लिए उन्हें जिलेवार बुलाया जाएगा।
सेना के डायरेक्टर पीआरओ केके उप्रेती ने बताया कि 19 मई से सैनिक सामान्य पद, सैनिक क्लर्क, सैनिक तकनीकी, सैनिक नर्सिग सहायक के पदों के लिए हाड़ौती के युवाओं को भर्ती किया जाएगा। सेना में हाड़ौती के सबसे कम युवा हैं। इसे देखते हुए यह रैली की जा रही है।
सबसे पहले 19 मई को बूंदी, 20 को झालावाड़, 21 मई को बारां व 22 मई को कोटा जिले के अभ्यर्थियों का फिजिकल टेस्ट होगा। इसमें पास होने वाले अभ्यर्थियों के 23 व 24 मई को मेडिकल और दस्तावेजों की जांच होगी। 25 मई को प्रवेश पत्र बंटेंगे और 26 मई को पास हुए अभ्यर्थियों की लिखित परीक्षा होगी। उसके बाद जून के अंतिम सप्ताह तक चयनित अभ्यर्थियों को ट्रेनिंग के लिए भेजा जाएगा।
कंप्यूटरीकृत होगी भर्ती
हाड़ौती में सेना की भर्ती दूसरी बार कंप्यूटरीकृत होगी। इससे पहले बूंदी में इस तरह से भर्ती हुई थी। इसमें अभ्यर्थी के फिटनेस टेस्ट के लिए आने पर कंप्यूटर पर अंगूठा लगवाया जाएगा। वहीं उसका फोटो भी होगा।
टेटू गुदा होने पर नहीं होगा चयन
टेटू गुदे अभ्यर्थी का चयन नहीं होगा। मेडिकल टेस्ट में उसे अनफिट घोषित कर दिया जाएगा। टेटू गुदवाने से एचआईवी का खतरा रहता है। इसके अलावा अविवाहित युवाओं को ही सेना में भर्ती किया जाता है।
तहसील से टोकन लगाना होगा
जिलेवार अलग-अलग रंग के टोकन अनिवार्य किए गए हैं। यह टोकन अभ्यर्थियों को तहसीलदार से लाने होंगे। टोकन लाने वाले अभ्यर्थियों को भर्ती में शामिल किया जाएगा।
पद : सामान्य सैनिक
शैक्षणिक योग्यता: 45 फीसदी अंकों के साथ 10 वीं कक्षा पास और प्रत्येक विषय में 32 प्रतिशत अंक अनिवार्य, अगर अभ्यर्थी 12वीं कक्षा पास है तो 45 फीसदी अंक अनिवार्य नहीं है।
शारीरिक योग्यता: ऊंचाई 170, वजन 50 किग्रा।
पद : सैनिक क्लर्क
शैक्षणिक योग्यता: 50 फीसदी अंकों के साथ 12वीं कक्षा पास और प्रत्येक विषय में 40 प्रतिशत अंक अनिवार्य, अंग्रेजी, गणित, बुक कीपिंग, एकाउंटेंसी विषय अनिवार्य हैं। अगर अभ्यर्थी ने उच्च शिक्षा प्राप्त कर रही है तो 50 फीसदी अंक अनिवार्य नहीं है। शारीरिक योग्यता: ऊंचाई 162, वजन 50 किग्रा।
पद : सैनिक तकनीकी
शैक्षणिक योग्यता: अंग्रेजी, गणित, भौतिक विज्ञान और रसायन विज्ञान के साथ 12वीं पास होना चाहिए।
शारीरिक योग्यता: ऊंचाई 170, वजन 50 किग्रा।
पद : सैनिक नर्सिग सहायक
शैक्षणिक योग्यता: 50 फीसदी अंकों के साथ 12वीं कक्षा पास और प्रत्येक विषय में 40 प्रतिशत अंक अनिवार्य तथा अंग्रेजी, भौतिक, रसायन और जीवविज्ञान विषय अनिवार्य, अगर अभ्यर्थी ने उच्च शिक्षा प्राप्त कर रही है तो 50 फीसदी अंक अनिवार्य नहीं है। शारीरिक योग्यता: ऊंचाई 170, वजन 50 किग्रा।