कोटा। जेईई-एडवांस के परीक्षार्थी मंगलवार (14 मई) शाम तक स्टेट बैंक ऑफ इंडिया की ब्रांचों में बैंक चालान से निर्धारित फीस जमा कर सकते हैं। जेईई-एडवांस की वेबसाइट पर जारी सूचना के अनुसार, जिन परीक्षार्थियों ने ऑनलाइन रजिस्ट्रेशन करने के बाद फीस जमा कर दी है, वे अपने रजिस्ट्रेशन व फीस का स्टेटस जेईई-एडवांस की वेबसाइट पर चेक कर सकते हैं।
2 जून को होने वाली जेईई-एडवांस ऑफलाइन परीक्षा के लिए परीक्षार्थी 16 मई शाम से प्रवेश पत्र ऑनलाइन डाउनलोड कर सकते हैं। आईआईटी द्वारा प्रवेश पत्र डाक से नहीं भेजे जाएंगे।
एलेन के काउंसलर अमित आहुजा के अनुसार, सोमवार को ऑनलाइन रजिस्ट्रेशन का अंतिम दिन होने से बड़ी संख्या में छात्रों ने रजिस्ट्रेशन कराया। अब ये छात्र मंगलवार 14 मई तक एसबीआई में फीस का चालान जमा कर सकते हैं। किसी छात्र ने ऑनलाइन रजिस्ट्रेशन में कोई त्रुटि कर दी हो तो वह तुरंत जेईई-एडवांस की वेबसाइट पर सूचित करे ताकि प्रवेश पत्र में संशोधन हो सके। ये प्रवेश पत्र काउंसलिंग प्रक्रिया पूरी होने तक संभालकर रखने होंगे।
दोनों भाषाओं में होंगे प्रश्न
आईआईटी के अनुसार, पहली बार जेईई-एडवांस के पेपर में सभी प्रश्न हिंदी व इंग्लिश दोनों भाषाओं में होंगे ताकि कोई संशय होने पर उसे दूसरी भाषा में देख सकें। 2013 में 12वीं बोर्ड में इम्प्रूवमेंट करने वाले छात्रों को टॉप-20 परसेंटाइल की सूची में आना होगा। 30 जून तक उस बोर्ड ने टॉप-20 परसेंटाइल सूची घोषित नहीं की तो सीबीएसई के बोर्ड के टॉप-20 परसेंटाइल को आधार माना जाएगा।
बैंकों के बाहर टेंट लगाए
एसबीआई, छावनी के चीफ मैनेजर सुशील खन्ना के अनुसार, गर्मी को देखते हुए लाइनों में लगे छात्रों को धूप से बचाने के लिए बैंक के बाहर टैंट लगाए गए हैं। सुविधा के लिए चार काउंटर्स पर चालान जमा किए जा रहे हैं। चार दिन में छावनी ब्रांच में 3 हजार से ज्यादा छात्रों ने चालान जमा किए हैं। महावीर नगर व विज्ञाननगर ब्रांचों के बाहर भी टेंट लगाए गए हैं।