कोटा। सेमटेल श्रमिकों ने सोमवार को सर्किट हाउस से लेकर कलेक्ट्रेट तक मौन रैली निकाली और केन्द्र एवं रा%य सरकार से 7 माह का बकाया वेतन दिलाने की मांग की है। वर्क्स समिति ने इसके लिए जिला प्रशासन से लेकर प्रधानमंत्री तक शिकायती पत्र देकर गुहार की है। वर्क्स समिति के अध्यक्ष मिलन शर्मा ने बताया कि सुबह 11 बजे श्रमिकों की मौन रैली सर्किट हाउस से कलेक्ट्रेट पहुंची।
जिसमें करीब 180 श्रमिकों ने भाग लिया। इसके बाद श्रमिकों ने कलेक्टर को शिकायती पत्र देते हुए कहा कि उनकी मुख्यमंत्री, श्रममंत्री, श्रमायुक्त से लेकर जिला प्रशासन तक कई वार्ताएं हो चुकी हैं। पिछले 7 माह से श्रमिकों को वेतन नहीं मिला है।
इसके लिए श्रमिक सड़कों पर धरने, प्रदर्शन, रैलियां, परिवार समेत गिरफ्तारियां, अर्धनग्न प्रदर्शन तक कर चुके। दो बार आक्रोशित श्रमिक बोरखेड़ा पानी की टंकी पर चढ़ चुके। फिर भी उनकी सुनवाई नहीं हो रही है। सेमटेल के 1800 श्रमिकों को कंपनी प्रबंधन ने भूखे मरने के लिए छोड़ रखा है।
प्रतिनिधिमंडल में बीसी जोशी, मुकेश तंवर, रमेश प्रजापति, ओमप्रकाश, शैलेन्द्रसिंह, भरतसिंह, जगवीरसिंह, भागचंद, रामभरोस जानी, नरेश कुमार, अचलाराम, शौकतअली शामिल थे।